सात निश्चय-3 के निश्चय-1 ‘दोगुना रोजगार-दोगुना आय’ के तहत बिहार में कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र) का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत सात निश्चय-2 की अवधि समाप्त होने के समय कार्यरत रहे 871 कुशल युवा कार्यक्रम संचालकों को प्रथम चरण में एक-एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अनुसार, कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र) के संचालन को मंत्रिपरिषद ने 12 अगस्त 2026 को मंजूरी दी थी। इसके बाद बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से 19 अगस्त 2026 को जारी स्वीकृत्यादेश के तहत केंद्रों के संचालन की प्रक्रिया निर्धारित की गई।
संचालकों को बिहार वित्त (संशोधित) नियमावली-2024 के तहत नामांकन और बिहार कौशल विकास मिशन के शासी निकाय की ओर से निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप केंद्र संचालन की स्वीकृति दी गई है।
पढे़ं: 75 प्रतिशत अटेंडेंस नहीं तो बढ़ सकती है मुश्किल, 10वीं-12वीं के छात्रों पर जैक की नजर
दूसरे चरण में मिलेगा अतिरिक्त केंद्र
प्रथम चरण में सात निश्चय-2 की अवधि समाप्त होने के समय कार्यरत सभी 871 संचालकों को एक-एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में वैसे संचालकों को एक-एक अतिरिक्त केंद्र आवंटित किया जाएगा, जो पहले दो या उससे अधिक केंद्रों का संचालन कर रहे थे।
6 अक्टूबर से शुरू होगा आवेदन
प्रथम चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक संचालक बिहार कौशल विकास मिशन के पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 18002965656 जारी किया है।