बिहार विधान परिषद के सदस्य और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुस्लिम नेता को पाकिस्तान से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले छोटा शकील का नाम लिया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ उठने-बैठने पर आपत्ति जाहिर की। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, धमकी वाले नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, जदयू के मुस्लिम नेता गुलाम रसूल बलियावी बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। रविवार दोपहर (6 दिसंबर) करीब एक बजे उनके पास एक कॉल आया। कॉल ने खुद को डॉन छोटा शकील का भाई बताया। उसने गुलाम रसूल बलियावी से पूछा कि तुम बलियावी बोल रहे हो? एमएलसी ने हां में जवाब दिया तो सवाल पूछा गया कि तुम छोटा शकील को जानते हो?
आरएसएस का नाम लेकर दी धमकी
कॉलर ने जदयू नेता से कहा कि मैं पाकिस्तान से छोटा शकील का भाई बोल रहा हूं। तुम बहुत जल्दी जान जाओगे कि छोटा शकील कौन है। आजकल संघ के लोगों के साथ बहुत ज्यादा उठना-बैठना हो रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत
फोन पर पाकिस्तान, छोटा शकील और धमकी आदि से गुलाम रसूल बलियावी बेहद डर गए। उन्होंने पटना के कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि की है। साथ ही, मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने नंबर बताने से किया इनकार
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया है, लेकिन जिस नंबर से एमएलसी को फोन आया, उसे बताने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि वह नंबर अभी नहीं बताया जा सकता है, क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकती है।