मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन लोगों की हालत गंभीर है। घटना बरूराज थाने की मुरारपुर चौक के समीप की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो सवार तीन लोगों को रौंद दिया। इसमें महिला, बच्चा और युवक शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
ऑटो को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चा और महिला की लाशों को तो बाहर करवा दिया लेकिन ऑटो चालक की लाश को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने ऑटो को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस तीनों की पहचान में जुटी है। पुलिस के अनुसार, टैंकर ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है। तीनों की पहचान के लिए आसपास के थानों की मदद ली जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
6 माह के मासूम की भी गई जान
स्थानीय लोगों का कहना है कि सभी मरने वाले साहेबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जख्मी लोगों में सीतामढ़ी के सरोज कुमार, साहेबगंज के मोहम्मद मेराज की पत्नी जुली खातून और दो बेटियां नेहा और सिम्मी शामिल हैं। नेहा, शिम्मी और जुली को डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। वहीं सरोज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतकों में एक 6 माह की बच्ची और एक महिला भी शामिल है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने बताया की सभी जख्मी लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी किसी की पहचान नहीं हो पाई है।