मुख्य प्रशिक्षक ने फिटनस और आत्मविश्वास के बल पर टीम को रखा सबसे आगे
मुख्य प्रशिक्षक हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारतीय टीम फिटनेस, स्पीड, स्किल और स्टैमिना में बाकी टीमों से कोसों आगे है। फिटनेस की वजह से अभी तक खेले गए ज़्यादा मैचों में भारतीय टीम हॉफ टाइम के बाद बेहतर खेल रही है। आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम में जबरदस्त बेंच स्ट्रेंथ है। 14 नई खिलाड़ियों से खेल रही जापान की टीम अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश होगी। जापान के नवोदित खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन हॉकी खेल अपने सलेक्शन को सही साबित किया है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
भारत को फ़ाइनल में ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन के खिलाफ मिले मौके को गोल में बदलना होगा। आज के मैच में भारत ने सात बार जापान के गोल पर शूट किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। भारतीय टीम को काउंटर अटैक में तेजी लानी होगी। एरियल पास और थ्री डी स्किल का उपयोग करना होगा। भारतीय टीम को चीन को हराने के लिए पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने पर ज़्यादा ध्यान देना होगा। भारतीय टीम को कुल 13 पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसमें एक को भी गोल में नहीं बदल सकी। अतिथि देवो भव के भाव के साथ अभी तक त्रुटिहीन शानदार आयोजन के लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं। दुल्हन की तरह सजी राजगीर में भारतीय दर्शक विशेषकर बिहारी दर्शकों का जोश और उत्साह देखने लायक है यह बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।