बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य में सड़कों की दशा सुधारने के लिए वाट्सएप नंबर क्या जारी किया उस पर अजब गजब मैसेजों की बाढ़ आ गई। चार दिनों में 9 हजार के करीब नंबरों से 25 हजार मैसेज और फोटो के रूप में शिकायतें वाट्सएप नंबर पर पहुंच गई।
अधिकारियों के अनुसार इनमें से आधे से ज्यादा मैसेज उप मुख्यमंत्री को उनकी इस पहले के लिए बधाई देने वालों के थे जो इसे तेजस्वी का निजी नंबर समझ रहे थे। आलम ये है कि अधिकारियों को उन फोटो और मैसेज की जांच करने में पसीने छूट रहे हैं जो वाट्सएप पर भेजे गए हैं।
असल में बिहार में खस्ताहाल हो रही सड़कों की दशा सुधारने के लिए लोक निर्माण मंत्री तेजस्वी यादव ने वाट्सएप नंबर जारी कर उन पर खराब सड़कों की फोटो भेजने की अपील की थी। जिससे उन्हें तुरंत ठीक करवाया जा सके।
तेजस्वी की इस अपील ने ऐसा असर किया कि सोमवार शाम तक मात्र चार दिनों में ही इस नंबर पर 8,873 मोबाइल नंबरों से 24,990 मैसेज आ गए। मंत्री के निजी सचिव संजय यादव ने बताया कि इनमें से आधे से ज्यादा मैसेज गैरजरूरी थे जिनमें से इस पहल के लिए मंत्री तेजस्वी यादव को बधाई संदेश दिए गए थे। लोगों को लगा कि यह तेजस्वी का निजी नंबर है। हालांकि वह यह भी कहते हैं कि एक बात तो साफ है लोगों ने उप मुख्यमंत्री की इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया है।