राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे और नीतीश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में उस समय आपा खो बैठे जब एक पत्रकार ने उनका फोटो खींच लिया। उन्होंने पत्रकार को फोटो डिलीट करने की धमकी दी, पत्रकार ने मना किया तो बात मुकदमा दर्ज कराने तक भी पहुंच गई। इस पर अन्य मीडिया कर्मियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार करने की चेतावनी दी तो पिता लालू प्रसाद को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ा।
असल में सारा विवाद उस समय शुरू हुआ जब मंगलवार को पटना में राजद का 20 स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा था। मंच पर लालू प्रसाद यादव उनके दोनों बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप के अलावा रघुवंश प्रसाद सिंह भी मौजद थे।
रघुवंश जिस समय अपना भाषण दे रहे थे तभी लालू के बड़े बेटे और नीतीश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप एक पत्रकार का कैमरा लेकर उसे निहारने लगे। तभी अचानक उन्होंने उससे फोटो खींचने शुरू कर दिए। तेज प्रताप की इस हरकत को सामने बैठे अंग्रेजी न्यूज चैनल के एक पत्रकार ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया।