बिहार के विधानसभा चुनाव में बलरामपुर सीट पर जीत दर्ज करने वाले भाकपा माले (सीपीआईएमएल) के महबूब आलम लखपति हैं। उनके खिलाफ करीब 14 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। चुनाव आयोग को दिए गए शपथपत्र से इस बात का खुलासा हुआ है।
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार, आलम की उम्र 63 वर्ष है। आलम के पिता का नाम अब्दुल हकीम है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट - लेनिनिस्ट) (लिबरेशन) ने उन्हें अपना टिकट दिया है। आलम ने साल 1972 में हायर सेकेंडरी की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
आलम के पास 31 लाख रुपये की कुल संपत्ति है। इसमें 1300 वर्गफुट पर बना आवासीय भवन शामिल है। आलम की कुल सालाना आय पांच लाख 32 हजार के करीब है। आलम के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके पास 85 हजार रुपये और पत्नी के पास 52 हजार रुपये नकद हैं। इस प्रकार कुल एक लाख 37 हजार रुपये नकद हैें। पति-पत्नी के नाम पर बैंक में जमा रकम मात्र 13,293 रुपये है।
आलम के पास एक 21 हजार रुपये कीमत की हीरो होंडा बाइक है और 10 लाख 93 हजार 750 रुपये कीमत की स्कॉर्पियो कार भी है। आलम की पत्नी के पास दो लाख 75 हजार रुपये कीमत का 55 ग्राम सोने के गहने हैं।
हलफनामे में आलम ने बताया है कि उनके और उनकी पत्नी के पास 16 लाख रुपये से अधिक की अचल संपत्ति है, इसमें खेती की जमीन और भवन शामिल है। आलम ने स्वयं के नाम पर 10 लाख रुपये का कर्ज लिया हुआ है।
हलफनामे के अनुसार, इनकी आय का साधन कृषि और विधानसभा से मिलने वाला वेतन है। कृषि से 40 हजार रुपये की सालान आय होती है और विधानसभा से 41 हजार रुपये प्रति माह वेतन प्राप्त होता है। जबकि पत्नी की कृषि कार्य से सालाना आय 36 हजार रुपये है।