Road Accident : जिस उम्र में लोग पुत्र से मुखाग्नि लेकर मोक्ष प्राप्त करते हैं, उस उम्र में बेटे, बहु और पोते के शव को कंधा देना पड़ेगा। यह बात कह-कह कर वह पिता बार-बार बेहोश हो जा रहे हैं, जिनके बेटे का पूरा परिवार सड़क दुर्घटना में समाप्त हो गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार की रात एक बजे महाकुंभ से स्नान करके लौट रहे मोतिहारी निवासी दंपती और उसके दोनों बच्चों की भयानक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान छतौनी थाना अंतर्गत मठिया निवासी ओम प्रकाश आर्या (42), उनकी पत्नी पूर्णिमा सिंह, बेटी अहाना (12) और बेटे विनायक के रूप में की गई हैं।
विज्ञापन
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही मोतिहारी स्थित उसके पैतृक आवास पर चीख पुकार मच गई। मृतक ओम प्रकाश आर्या मूल रूप से चिरैया थाना क्षेत्र के पीरारी गांव के निवासी थे। उनके परिवार की मौत की सूचना मिलते ही पीरारी गांव में मातम पसर गया। चिरैया प्रखंड की प्रमुख गीता देवी ने बताया कि मृतक ओमप्रकाश आर्या पेशे से वकील थे। उनका पूरा परिवार पिछले दस सालों से मोतिहारी में ही रहता था। आज सुबह जैसे ही उनकी मौत की सूचना प्राप्त हुई, घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है।
सबसे छोटे बेटे थे ओमप्रकाश आर्या
छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया मोहल्ला निवासी वीर शमशेर सिंह के तीन बेटों में सबसे छोटे पुत्र ओमप्रकाश आर्या अपने पत्नी एवं बच्चों के साथ पिछले तीन सालों से दिल्ली में रहते थे, जहां वह हाइकोर्ट में वकील के रूप में प्रैक्टिस करते थे। बीते 26 जनवरी को वह अपनी बीवी और बच्चों के साथ महाकुंभ में स्नान करने गये थे। वापस दिल्ली लौटने के दौरान सड़क हादसा हो गया।
विज्ञापन
जिस उम्र में पुत्र से मुखाग्नि लेकर मोक्ष प्राप्त करते है उस उम्र में शव को कंधा देना पड़ेगा
घटना की सूचना मिलने के बाद उनके सगे संबंधी घटनास्थल पहुंच चुके है और सभी के शव को मोतिहारी लाने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं। इधर मृतक के पिता वीर शमशेर सिंह एवं मां मनोरमा देवी का पुत्र के मौत की सूचना पाकर रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक की मां बेटे और बहु को याद कर बार बार बेहोश हो जा रही है। मृतक के पिता ने कहा कि जिस उम्र में लोग पुत्र से मुखाग्नि लेकर मोक्ष प्राप्त करते है उस उम्र में बेटे बहु और पोते के शव को कंधा देना पड़ेगा। वीर शमशेर सिंह का परिवार मोतिहारी के अलावा चिरैया थाना क्षेत्र के पीरारी गांव से भी ताल्लुक रखता था। वहां भी अब ओमप्रकाश आर्या की मरने की खबर सुनकर पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।