देश के चर्चित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर गोपालगंज जिले में दो डॉक्टरों से रंगदारी की मांग फोन कॉल्स के जरिए किसी ने की है। डॉक्टर समेत उनके परिवार में दहशत का माहौल कायम है। बताया जा रहा है कि गोपालगंज जिले के बरौली बाजार स्थित दो डॉक्टरों से लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी की मांग की गयी है। डॉक्टरों को फोन करके अपराधियों ने रंगदारी की मांग की है और पैसे नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है। डॉक्टरों को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद दोनों डॉक्टर दहशत में हैं। दोनों डॉक्टरों ने पुलिस को आवेदन देकर न्याय करने की गुहार लगायी है।
डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की डिमांड की गयी
बताया जाता है कि दोनों डॉक्टरों के पास किसी मोबाइल से वीडियो कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने रंगदारी की मांग की है। पुलिस आवेदन लेकर डॉक्टरों के पास किये गये कॉल के मोबाइल नंबर की जांच कर रही है। दोनों डॉक्टरों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की डिमांड की गयी है।
दो गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था
विदित हो कि बिहार में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे पूर्व में सक्रिय रहे हैं। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस गैंग का एक शूटर गोपालगंज से गिरफ्तार किया गया था। इसी साल गोपालगंज में लॉरेंस गैंग के दो गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिनके पास से ऑस्ट्रिया में बनने वाली चार ग्लोक पिस्टल भी मिली थी। इनमें एक अपराधी राजस्थान के अजमेर का तो दूसरा बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी था। इससे पूर्व भी गोपालगंज जिले में ही पिछले साल एक आरा मशीन संचालक से 20 लाख की रंगदारी मांगी गयी थी। रंगदारी मांगने वाले खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया था। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसका कोई नाता लॉरेंस गैंग से नहीं है। वह पटना में रहकर पढ़ाई करने वाला एक छात्र था और रास्ते में उसे एक सिम कार्ड गिरा मिला तो उसने यूपी जाकर ये हरकत की थी।