बिहार में बेशक शराब बैन करके नीतीश कुमार देशभर में इसे लागू करने की मांग कर रहे हों लेकिन उनके ही राज्य में उनके पुराने साथी उनकी इस मुहिम को झटका देने में लगे हुए हैं। नीतीश की पार्टी जेडीयू के एक पूर्व विधायक तो खुलेआम शराब पीते हुए कैमरे में कैद हो गए।
इतना ही नहीं वह शराब पीने के साथ साथ इसे बैन करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी कोस रहे थे। विधायक जी की यह करतूत मीडिया में आते ही सरकार ने उनके खिलाफ एक्शन ले लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला औरंगाबाद जिले का है, जहां पूर्व जेडीयू विधायक लल्लन राम एक निजी टीवी चैनल के स्टिंग में शराब बैन को फालतू कहते दिख रहे हैं। लल्लन राम औरंगाबाद के कुटुंबा से 2010 से 2015 तक विधायक रहे हैं। इस बार उनका टिकट कट गया था।