बिहार विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों का एलान हो चुका है। ऐसे में चुनाव आयोग की तरफ से कोरोना काल में होने वाले इस चुनाव को सुरक्षित बनाने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि चुनाव अधिकारी बिहार में पोस्टल बैलट के लिए पात्र मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं।
चुनाव अधिकारी बिहार में वरिष्ठ नागरिकों (80 वर्ष से ऊपर) और पीडब्ल्यूडी (विकलांग लोगों) से संबंधित पात्र मतदाताओं तक पहुंचे हैं। 28 अक्तूबर को पहले चरण में होने वाले 71 सीटों पर चुनाव के लिए 52,000 से अधिक पात्र मतदाताओं ने पोस्टल बैलट का चयन किया है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि बिहार के 16 जिलों में फैले 71 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा नाम वापसी की अंतिम तिथि होने के कारण इन निर्वाचन क्षेत्रों के बूथ स्तर के अधिकारी चार लाख से अधिक ऐसे मतदाताओं के पास पहुंचे हैं, जो या तो वरिष्ठ नागरिक (80 वर्ष से अधिक आयु) हैं, या फिर वह विकलांग हैं।
इसमें बताया गया है कि 52 हजार से अधिक मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने का विकल्प चुना है। इन मतदाताओं को आरओ द्वारा पूर्व-सूचित तिथि (डाक) पर उचित सुरक्षा और प्रक्रिया का पालन करते हुए पोस्टल बैलेट प्रदान किए जाएंगे। यह पहली बार है जब बिहार चुनाव में पोस्टल बैलेट की सुविधा को दोनों श्रेणियों को दिया जा रहा है।