अभिनय से राजनीति में आए शत्रुघ्न सिन्हा ने सोमवार को कहा कि यह उत्साहजनक है कि काफी युवा राजनीति के क्षेत्र में आ रहे हैं लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राजनीति को अलविदा नहीं कह रहे हैं । इस दौरान उन्होंने अपने बेटे को 'बिहारी पुत्र' बताया।
शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा पटना के बांकीपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं । बांकीपुर सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है, जहां से भाजपा ने तीन बार के विधायक नितिन नवीन को फिर से टिकट दिया है। पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत बांकीपुर विधानसभा सीट आती है।
पटना साहिब संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सांसद हैं। प्रसाद ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से शत्रुघ्न सिन्हा को पराजित किया था । ‘बिहारी बाबू’ के नाम से मशहूर सिन्हा ने कहा कि उनके पुत्र कांग्रेस की पसंद और युवाओं की मांग पर चुनाव में उतरे हैं क्योंकि क्षेत्र के लोग नया चेहरा चाहते हैं जो इलाके में गंभीरता से विकास कार्य करे।
उन्होंने कहा कि न तो मैं थका हूं, और न ही रिटायर हूं। मैं सक्रिय राजनीति में बना रहूंगा। सिन्हा बिहार चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं और इस सप्ताह अपने पुत्र के लिए प्रचार अभियान में शामिल होंगे ।