इस वीडियो की शुरुआत 'बिहार में का बा' से होती है। इसके बाद एक आवाज आती है, 'रुक बताव तानी का बा'। गायक अपने गाने के माध्यम से बताना शुरू करता है कि राज्य में एनडीए शासनकाल में क्या-क्या तरक्की हुई है। गायक 'एनडीए के राज में बदलल आपन ई बिहार हो' से गाने को शुरू करता है। इसके बाद वीडियो में स्कूल-कॉलेज, आईआईटी, सड़क, बिजली, निर्माणाधीन भवन, परियोजनाओं आदि की तस्वीरें आती हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से बताया गया है कि इस दिशा में बिहार में काम हुआ है। इसके अलावा, अच्छी सड़कें, अस्पताल में बेहतर सुविधा आदि के बारे में भी वीडियो में बताया गया है।
वीडियो के जरिए विपक्ष को जवाब देने की तैयारी
इस वीडियो को लेकर भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक मनन कृष्ण ने बताया कि दो दर्जन से अधिक वीडियो को चुनाव को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इन सभी वीडियो में 'बिहार में ई बा' वीडियो सबसे बड़ा है। इसकी अवधि दो मिनट 19 सेकंड की है।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: मतदान के लिए 52 हजार से अधिक मतदाताओं ने चुना पोस्टल बैलेट का विकल्प
उन्होंने बताया कि बाकी वीडियो को इससे छोटी अवधि का बनाया गया है। इस वीडियो के माध्यम से हम विपक्ष को करारा जवाब देने जा रहे हैं। इसे लोगों के बीच पहुंचाने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। विपक्ष ने पूछा था कि 'बिहार में का बा'। अब हमने उन्हें बताया है कि 'बिहार में ई बा'।
दरअसल, सबसे पहले बॉलीवुड अभिनेता मनोज वाजपेयी ने एक रैप सॉन्ग जारी किया था। जिसका टाइटल था 'बंबई में का बा'। इस वीडियो में बिहार के लोगों से पूछा गया कि मुंबई में ऐसा क्या है जो लोग यहां आते हैं। इसमें बताया गया था कि बिहार में लोगों के पास सबकुछ होता है।
यह भी पढ़ें: भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से रूडी और शाहनवाज गायब, छलका दर्द
इस वीडियो के आधार पर बिहार की गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने एक रैप सॉन्ग तैयार किया, जिसमें उन्होंने 'बिहार में का बा' कहते हुए राज्य की व्यवस्थाओं पर तंज कसा था। वहीं, विपक्ष ने इस गाने के आधार पर बिहार में सरकार के खिलाफ पोस्टर लगा दिए और सवाल किया कि राज्य में क्या-क्या काम हुआ है।