चार दिन तक वन-वे रहेंगे मुजफ्फरपुर शहर के सभी रास्ते
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर में दुर्गा पूजा को लेकर शहर के सभी मार्ग वन-वे रहेंगे। डीएम प्रणव कुमार ने चार दिन का ट्रैफिक मैप जारी किया है। जो 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक लागू रहेगा। डीएम ने ट्रैफिक डीएसपी, डीटीओ और एसडीओ को शत प्रतिशत इसका अनुपालन कराने का आदेश जारी किया है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्गा पूजा में शहर में ग्रामीण इलाकों से भी लोग माता की पूजा-अर्चना, दर्शन करने और घूमने आते हैं। भीड़-भाड़ अधिक जुटती है। अधिकांश लोग अपनी निजी सवारी से ही शहर की अनेकों जगह भ्रमण करते हैं। उथल-पुथल की स्थिति में ट्रैफिक को काबू कर पाना पुलिस वालों के लिए भी मुश्किल हो जाता है। इसे देखते हुए डीएम ने मैप जारी किया है। मैप में जिस मार्ग से लोग प्रवेश करेंगे। उससे निकलने के बजाए दूसरे मार्ग से निकलेंगे। साथ ही जिस मार्ग से निकलेंगे उससे वह प्रवेश नहीं करेंगे।
ऐसी रहेगी गाड़ियों और पैदल यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था
ट्रैफिक मैप के अनुसार, महेश बाबू चौक से जुरनछपरा की ओर से सभी वाहन आएंगे। लेकिन कोई वाहन जुरनछपरा होकर महेश बाबू चौक की ओर नहीं जाएगा। समाहर्ता मोड़ से इमलीचट्टी होते हुए माड़ीपुर पुल और महेश बाबू चौक वाहन जाएंगे। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के पानी टंकी चौक पर अस्थाई बैरिकेडिंग है। उसी रास्ते वीआईपी, पुलिस दल-बल या दंडाधिकारी का आवागमन देवी मंदिर में होगा। हरिसभा चौक के पास बैरिकेडिंग है, जहां से किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश वर्जित है। पैदल लोग दर्शन के लिए आएंगे।
वहीं, मुखर्जी सेमिनरी के पास भी बैरिकेडिंग की गई है। वाहन छोड़ पैदल दर्शन के लिए आ सकेंगे। केदारनाथ रोड से कल्याणी चौक की ओर जाने वाली गाड़ियां कल्याणी और मोतीझील की ओर जा सकती हैं। एलाइट होटल मोड़ से टावर की तरफ जाने वाली गाड़ी सुतापट्टी मुख्य बाजार होकर मस्जिद मोड़ के पास सरैयागंज टावर रोड पर निकलेगी। मस्जिद चौक से कोई वाहन सुतापट्टी या बैंक रोड के लिए प्रवेश नहीं करेगा। अखाड़ाघाट रोड से सरैयागंज आने वाले वाहन तेजपाल चौक से सिकंदरपुर स्टेडियम, राणीसती मंदिर होते हुए कड़बला होकर कचहरी होते हुए कंपनीबाग रोड में निकलेंगे।
मूर्ति विसर्जन के लिए रहेगा यह इंतजाम
मूर्ति विसर्जन के दिन जीरोमाइल से अखाड़ाघाट चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके लिए जीरोमाइल अखाड़ागाट मोड़ पर बैरिकेडिंग की जाएगी। बड़े वाहन बैरिया-जीरोमाइल के बजाय पहाड़पुर शनि मंदिर होकर मोतिहारी, दरभंगा, शिवहर और सीतामढ़ी की ओर जाएंगे।