पुलिस की गिरफ्त में शराब के नशे में युवक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में पूर्ण शराबबंदी है, लेकिन अक्सर ऐसी कोई तस्वीर सामने आ जाती है जो शराबबंदी की पोल खोल देती हैं। ताजा मामला बेगूसराय के सदर अस्पताल से सामने आया है, जहां एक युवक ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों से भी तू-तू, मैं-में करने लगा। शराबी युवक पुलिस हिरासत में भी हो हंगामा करता रहा। शराबी युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मेन मार्केट निवासी मो. हलीम के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात मो. हलीम शराब के नशे में तरबन्ना के नजदीक हंगामा कर रहा था। उसी दौरान रतनपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराबी को हिरासत में ले लिया। लेकिन शराबी मो. हलीम लगातार पुलिसकर्मियों से बहसबाजी करता रहा। उसके बाद पुलिस उसे जांच के लिए सदर अस्पताल ले गई। वहां भी मोहम्मद हलीम ने जमकर हंगामा किया।
मोहम्मद हलीम ने कहा कि बिहार में नाम की शराबबंदी है और बेगूसराय में हर जगह शराब मिल रही है। वहीं, रतनपुर थाना पुलिस ने कहा कि शराब के नशे में हंगामा की सूचना पर पुलिस ने मोहम्मद हलीम को गिरफ्तार किया है। मेडिकल जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।