अनैतिक कार्य में शामिल नाबालिग लड़कियों को कराया मुक्त
- फोटो : अमर उजाला
एनजीओ की टीम ने मोतिहारी पुलिस के सहयोग से तीन अवैध तरीके से संचालित आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकाने पर छापेमारी कर 10 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। दो संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। नाबालिग लड़कियों नेपाल और असम की हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन की त्रिवेणी आचार्य, दिल्ली के मिशन मुक्ति केंद्र के बीरेंद्र कुमार सिंह और चाइल्ड केयर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना थी कि मोतिहारी में कोटवा थाना क्षेत्र के दीपाऊ, राजापुर और मठिया में दूसरे प्रदेशों से नाबालिग लड़कियों को लाकर उनसे डांस करवाया जाता है। जायदा पैसा मिले, इसके लिए गलत कार्य करने के लिए दबाव भी बनाया जाता है।
सूचना का सत्यापन किया गया तो सूचना सत्य पाया गया, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मोतिहारी एसपी से मुलाकात कर छापेमारी में सहयोग मांगी। उसके बाद एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कोटवा थाना क्षेत्र के दिपाऊ, मठिया और राजापुर छापेमारी टीम को सहयोग करने का निर्देश दिया। उसके बाद रेस्क्यू टीम ने कोटवा, नगर थाना, एससीएसटी थाना और महिला थाना के सहयोग से आर्केस्ट्रा संचालकों के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। जहां से दस नाबालिक लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिन्हें थाने पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस खेल में शामिल अन्य की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया...
कोटवा के प्रभारी थानाध्यक्ष नर्मदेशर सिंह ने बताया कि एसपी सर के निर्देश पर एनजीओ टीम के साथ तीन जगह छापेमारी कर दस नाबालिक लड़की को मुक्त कराया गया है। वहीं, दो संचालक राजापुर (35) मंजय यादव और मठिया से (60) नंदू यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। आगे की प्रक्रिया की जा रही है।