कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए बिहार के मधुबनी जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। जिला प्रशासन ने दो वीडियो जारी किए हैं। इनमें से एक में पद्मश्री दुलारी देवी और दूसरे में प्रख्यात गायिका मैथिली ठाकुर हैं। दोनों ने कोरोना के दौरान जागरूक रहने और समय रहते जांच कराने की अपील की है।
मैथिली ठाकुर ने कहा कि अभी कोरोना महामारी का प्रसार तेजी से हो रहा है। गांव-गांव में मरीज मिल रहे हैं। मैं आपसे कहना चाहती हूं कि कोरोना की जांच समय रहते जरूर कराएं क्योंकि देर होने पर हालात अधिक गंभीर हो सकते हैं। घर से निकलते समय मास्क जरूर पहलें और समझदारी का परिचय देते हुए इस महामारी का मुकाबला करें।
विज्ञापन
कोरोना से लड़ना है, डरना नहीं: पद्मश्री दुलारी देवी
वहीं, पद्मश्री दुलारी देवी ने कहा कि कोरोना से लड़ना है, डरना नहीं है। खुद भी बचिए और जो लोग इस महामारी से संक्रमित हुए हैं उनका मनोबल भी बनाए रखिए। उन्हें बताएं कि कोरोना से संक्रमित होने पर अस्पताल जाना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि सफाई और सैनिटाइजेशन जैसी बातों का ध्यान रखकर कोरोना मरीज घर पर भी ठीक हो सकते हैं।
दुलारी देवी ने वीडियो में आगे कहा कि अगर कोई व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित हो जाता है तो उसे इसकी जानकारी जिला प्रशासन को तुरंत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस संबंध में कोरोना मरीजों को हर तरह की सुविधा दी जा रही है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम लापरवाह हो जाएं। हमें अपने आपको बचाना चाहिए।