बिहार में बिजली दरों को लेकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। बिहार में पिछले दिनों बिजली की दरों में 55 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के बाद बिजली की दरों में कमी की गई है। नयी दरों की घोषणा शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार ने की। बजट सत्र के अंतिम दिन विधानसभा में संबोधित करते हुए सीएम ने नयी दरों की घोषणा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पड़ोसी राज्यों के मुकाबले बिहार में बिजली की दर कम है। संबोधन के दौरान उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दरों की घोषणा की।
सीएम ने कहा कि अब शहरी उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 1 रुपये 49 पैसे का अनुदान मिलेगा और वहीं, ग्रामीण ग्रामीण इलाके में विनियामक आयोग की अनुशंसा पर पुराने रेट 6 रुपये 45 पैसे पर भी 3 रुपये 10 पैसे प्रति यूनिट का अनुदान मिलेगा। नई दरों के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को 3 रुपये 59 पैसे प्रति यूनिट का अनुदान मिलेगा। जबकि कृषि कार्य के लिए 4 रुपये 29 पैसे प्रति यूनिट का अनुदान मिलेगा।
वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष में बिजली कंपनियों को 2952 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा जो पिछले वर्ष से 248 करोड़ रुपये अधिक है। गौरतलब हो कि बिहार में पिछले दिनों बिजली की दरों में 55 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई थी।