केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को बिहार के मुंगेर में एक रैली के दौरान सनसनीखेज दावा किया कि उन्हें बम से उड़ाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके विरोधी लगातार उन्हें तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। चिराग ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ नारे से कई लोगों को दिक्कत है, क्योंकि ये नारा जातिवादी राजनीति की जड़ पर चोट करता है।
चिराग ने आरजेडी पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग वर्षों तक बिहार को गरीबी और पिछड़ेपन में डुबोते रहे, वे अब फिर से झूठे वादों के सहारे लोगों को बहकाना चाहते हैं। यह बात उन्होंने तेजस्वी यादव की ओर इशारा करते हुए कही, हालांकि नाम नहीं लिया। चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी में टूट के बाद उन्हें उनके ही घर से बाहर निकाल दिया गया और उन्हें सड़कों पर भटकना पड़ा। लेकिन वह नहीं टूटे। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को तोड़ने की कोशिश हमेशा से होती रही है। पार्टी तोड़ दी गई, घर से निकाल दिया गया, लेकिन चिराग नहीं टूटा।
पढ़ें: बाढ़ के पानी से सड़क पर जलजमाव, नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
बता दें कि पार्टी टूटने के बाद चाचा पशुपति पारस को मोदी सरकार में मंत्री पद मिल गया था, जबकि चिराग को दिल्ली का 12 जनपथ बंगला खाली करना पड़ा था। अब चिराग और पारस की अलग-अलग पार्टियां हैं जिन्हें चुनाव आयोग ने मान्यता दे दी है। पारस अब एनडीए से बाहर हो चुके हैं और तेजस्वी यादव साफ कह चुके हैं कि पारस पहले से ही उनके गठबंधन के साथी की तरह काम कर रहे हैं और जल्द ही औपचारिक रूप से गठबंधन में शामिल होंगे।
अपने विरोधियों पर तंज कसते हुए चिराग ने कह कि अब एक नई साजिश रची गई है। अब वे लोग मुझे बम से उड़ाना चाहते हैं। लेकिन वे भूल जाते हैं कि चिराग पासवान शेर का बेटा है। वह झुकना नहीं जानता और किसी से डरता नहीं है। जब पार्टी नेताओं से इस सनसनीखेज बयान पर पूछा गया, तो उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि शायद चिराग जी का इशारा हाल में एक सोशल मीडिया ट्रोल के खिलाफ दर्ज FIR की ओर था।
दरअसल, हाल ही में पार्टी के प्रवक्ता राजेश कुमार भट्ट ने पटना के साइबर थाने में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसने चिराग को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। हालांकि शिकायत में किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया, लेकिन एलजेपी (राम विलास) ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि वह इंस्टाग्राम यूजर आरजेडी समर्थक है।