पटना में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन और चुनाव आयोग को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसके कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो आयोग, खासकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अपना पक्ष मजबूती से रखना चाहिए। चिराग पासवान ने कहा कि वह केवल सरकार का हिस्सा होने के कारण किसी का बचाव नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "सरकार का हिस्सा होने के नाते मैं किसी का बचाव नहीं करूंगा। चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। अगर आयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो यह चुनाव आयोग और विशेष रूप से मुख्य निर्वाचन आयुक्त की जिम्मेदारी है कि वह मजबूती से अपना पक्ष रखें।"
विपक्ष के आरोपों पर क्या बोले चिराग
विपक्ष की ओर से सरकार और संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि राजनीति करना विपक्ष का काम है। उन्होंने कहा कि वह विपक्ष के बयानों को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं। चिराग ने कहा कि विपक्ष क्या कहता है या क्या नहीं कहता, इसे लेकर मैं बहुत चिंतित नहीं हूं। राजनीति करना विपक्ष का काम है। अगर विपक्ष आरोप नहीं लगाएगा तो वह अपनी राजनीति कैसे करेगा?
बिहार: कांग्रेसी और पुलिस के बीच धक्का मुक्की, चुनाव आयुक्त का पुतला लेकर प्रदर्शन कर रहे; जानिए पूरा मामला
बोले- विपक्ष को खुश करने के लिए नहीं, जनता को विश्वास में ले आयोग
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव आयोग को विपक्ष को संतुष्ट करने के लिए प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए। इसके बजाय आयोग को जनता को विश्वास में लेकर उसके सामने उठ रहे सवालों और चिंताओं का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का जनता के प्रति संवाद महत्वपूर्ण है। चिराग के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को विपक्ष को खुश करने के बजाय जनता को विश्वास में लेना चाहिए। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।