फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: स्वच्छता में पटना का बड़ा धमाका! इंदौर को दे रहा कड़ी टक्कर, देशभर में फीडबैक देने में बना नंबर दो

Sun, 17 May 2026 07:44 AM IST
प्रशांत तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Bihar: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नागरिक फीडबैक देने में पटना ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। 4.49 लाख से अधिक फीडबैक के साथ पटना इंदौर को कड़ी टक्कर दे रहा है। नगर निगम की टीमों द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 31 मई तक नागरिक फीडबैक दे सकते हैं।
विज्ञापन
प्रतिकात्मक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देशभर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नागरिकों से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर फीडबैक लिया जा रहा है। इस अभियान में पटनावासियों ने जबरदस्त भागीदारी दिखाते हुए देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। देश में पहले स्थान पर 6,81,187 फीडबैक के साथ इंदौर बना हुआ है, जबकि पटना 4,49,689 सिटीजन फीडबैक के साथ दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया है। राजधानी पटना को शीर्ष स्थान दिलाने के लिए नगर निगम और शहरवासी लगातार प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन


सिटीजन फीडबैक अभियान से मिली सफलता
पटना नगर निगम द्वारा नागरिकों को जागरूक करने और सिटीजन फीडबैक अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वरीय पदाधिकारियों, कर्मचारियों और कंसल्टेंट्स की दो सदस्यीय कुल 13 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति जागरूक कर रही हैं और फीडबैक देने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

छात्रों में दिखा सबसे ज्यादा उत्साह
अभियान के दौरान सबसे अधिक उत्साह छात्रों में देखने को मिला। शहर के प्रमुख कोचिंग हब—बोरिंग रोड, मुसल्लाहपुर हाट, बाजार समिति और अशोक राजपथ स्थित कोचिंग संस्थानों एवं हॉस्टलों में बड़ी संख्या में छात्रों ने ऑन-द-स्पॉट फीडबैक दिया। इसके अलावा निगम की टीमों द्वारा रेलवे स्टेशन, पार्क, चिड़ियाघर, मॉल, स्लम बस्तियों और प्रमुख चौक-चौराहों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर लोगों को फीडबैक देने संबंधी आवश्यक जानकारी और डेमो भी दिया जा रहा है।
विज्ञापन


ऑनलाइन पोर्टल के जरिए दे सकते हैं फीडबैक
नागरिकों के लिए फीडबैक देने हेतु विशेष ऑनलाइन पोर्टल cf.sbmurban.org तैयार किया गया है। नागरिक अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन कर पूछे गए 13 सवालों का जवाब दे सकते हैं। ओटीपी सत्यापन के बाद फीडबैक सबमिट किया जा सकता है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही फीडबैक दर्ज किया जा सकेगा। नगर निगम के अनुसार केंद्रीय टीम द्वारा ऑन-फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान भी शहरवासियों से यही सवाल पूछे जाएंगे और उनके अंक स्वच्छ सर्वेक्षण के कुल स्कोर में जोड़े जाएंगे।

12,500 अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत निकायों का मूल्यांकन कुल 12,500 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें सर्टिफिकेशन (ODF, Water Plus, Garbage Free City) के लिए 2,000 अंक, ऑन-ग्राउंड असेसमेंट के लिए 9,500 अंक तथा सिटीजन फीडबैक के लिए 1,000 अंक निर्धारित किए गए हैं। पटना नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। लोगों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और खुले में कचरा फेंकने से बचने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें: Bihar: बिहार के मंत्रियों को लेकर आई यह रिपोर्ट किसे परेशान करेगी? नौ मंत्रियों पर गंभीर अपराध के मामले
विज्ञापन


शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर और व्हाट्सऐप चैटबॉट
यदि कहीं कचरा उठाव, सफाई, नाले की सफाई या सार्वजनिक शौचालय से संबंधित कोई समस्या दिखाई देती है, तो उसकी शिकायत तुरंत पटना नगर निगम में दर्ज कराई जा सकती है। निगम ने इसके लिए टोल फ्री नंबर 155304 और व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 9264447449 जारी किया है, जिसके माध्यम से नागरिक निशुल्क शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें