बिहार में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में चारा घोटाले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण फाइनलें चोरी हो गई हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए फाइलों की तलाश शुरू कर दी हैं। चोरी हुई फाइलें बिहार पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के पटना स्थित कार्यालय में रखी हुईं थी। चारा घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू यादव मुख्य आरोपी हैं। मामले में उन्हें छह साल की सजा की घोषणा भी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार पटना के ओल्ड सेक्रेटरिएट पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया। विभाग के सूत्रों के अनुसार पटना सचिवालय स्थित कार्यालय से तीन अलमारियों में रखी महत्वपूर्ण फाइलें चोरी हो गई हैं। इनमें से अधिकतर चारा घोटाले और उसमें आरोपी बनाए गए लोगों के संबंध में थी।
बताया जा रहा है कि इनमें पशु डॉक्टरों और कर्मियों की संलिप्तता के सबूत थे। हालांकि इस संबंध में 16 मई को मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। लेकिन मामले का खुलासा अभी हुआ है।
Important files missing from Bihar Animal & Fisheries Resources Dept's office in Patna, case registered in old secretariat police station
— ANI (@ANI_news) June 8, 2016
बता दें कि चारा घोटाला उस समय सुर्खियों में आया था जब तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू यादव का नाम इसमें शामिल पाया गया था। मामले में सीबीआई ने जांच शुरू करते हुए लालू यादव के साथ ही एक और पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र सहित दर्जनभर लोगों को आरोपी बनाते हुए जांच शुरू कर दी थी।