राजद के बाहुबली विधायक अनंत सिंह
- फोटो : amar ujala
राजद के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का घोड़ा 'लाडला' बिहार की राज्य स्तरीय घुड़दौड़ में पहले नंबर पर आया है। प्रतियोगिता जहानाबाद के बढ़ौना हाई स्कूल में हुई।
मोकामा से विधायक अनंत सिंह को हाथी, घोड़ा और गाय पालने का काफी शौक है। कहा जाता है कि एक बार उन्होंने सोनपुर पशु मेले से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का घोड़ा खरीद कर काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अनंत सिंह को घोड़े की सवार पसंद है। उनकी घोड़े की सवारी करते तस्वीरें आती रहती हैं।
उनके 'लाडले घोड़े' के पूरे राज्य में चर्चे हैं। जहानाबाद में पहली बार हुई इस घुड़दौड़ को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से लोग इसे देखने पहुंचे। मैदान दर्शकों से भरा था। भीड़ इतनी थी कि लोग पेड़ों पर भी चढ़ गए थे।
घुड़दौड़ में पटना, मोकामा, गया, नालंदा, छपरा, डेहरी-ऑन-सोन, आरा व आसपास के इलाकों से भी घोड़े लाए गए थे। अनंत सिंह का घोड़ा 'लाडला' तीन दौर की इस प्रतियोगिता में पहले नंबर का विजेता बनकर उभरा। विधायक के घोड़े पर इस्माइल खान सवार होकर प्रतियोगिता में शरीक हुए थे।
प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर बिहार केसरी और अनंत सिंह के भाई विवेका पहलवान का घोड़ा 'बागी' रहा। इसकी सवारी शंभू यादव ने की। तीसरे स्थान पर एक साथ तीन घोड़े पहुंचे जिसमें पहला घोड़ा महुआ के शक्ल राय का था, दूसरा पटना के रुदल गोप का था, जबकि तीसरा घोड़ा गया के बबलू मुखिया का था। तीनों को ट्रॉफी व इनाम राशि देकर सम्मानित किया गया।