फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election 2025 : दो चरणों में हो सकता है बिहार विधानसभा चुनाव; निर्वाचन आयोग की तैयारी ऐसी क्यों है?

Mon, 06 Oct 2025 10:28 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना/नई दिल्ली

सार

Bihar Election 2025 Date : भारत निर्वाचन आयोग की ओर से रविवार को पटना में संवाददाता सम्मेलन के बाद, अब आज सोमवार को नई दिल्ली में बड़े एलान की तैयारी है। बिहार चुनाव दो चरणों में होने के आसार हैं। पढ़े अपडेट...
विज्ञापन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को बिहार से लौटे हैं। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए तारीखों का एलान आज हो सकता है। इस बार का चुनाव दो चरणों में होने के आसार हैं। पिछली बार तीन चरणों में चुनाव हुआ था। इस बार त्योहारों के कारण सिर्फ नवंबर महीने का समय मतदान के लिए बच रहा है और राष्ट्रीय जनता दल समेत विपक्षी दलों ने दो चरण में मतदान कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग से अपील की है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाईटेड ने एक चरण में ही मतदान की सलाह दी थी।

विज्ञापन


मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इन अपीलों-सलाहों पर बात करने के बाद रविवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चुनाव की तारीखों पर कोई बात नहीं की थी। वह रविवार शाम को दिल्ली पहुंचे और अब आज, सोमवार को शाम चार बजे भारत निर्वाचन आयोग का नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन है। माना जा रहा है कि इसमें चुनाव की तारीखें घोषित हो जाएंगी। हालांकि, चुनाव आयोग के संकेतों को देखते हुए 7 अक्टूबर के बाद अधिसूचना जारी होने की संभावना बताई जा रही थी।

दो चरणों के चुनाव की संभावना क्यों ज्यादा
बिहार में विधानसभा का चुनाव करीब 30-35 साल के दौरान पांच-छह चरणों में होता था। वर्ष 2010 का चुनाव छह, 2015 का पांच और 2020 का तीन चरणों में हुआ था। इस बार मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण के कारण दुर्गा पूजा के पहले चुनाव की बाकी तैयारियां नहीं हो सकी थीं। इस महीने दीपावली और फिर लोक आस्था का महापर्व छठ भी है। ऐसे में 27-28 तारीख तक मतदान की संभावना नहीं है। राजनीतिक दलों ने भी छठ के बाद ही मतदान की तारीखें रखने की अपील की थी। इसके साथ ही ध्यान देने वाली बात यह भी है कि विधानसभा के कार्यकाल के प्रावधान के तहत 22 नवंबर के पहले बिहार में नई सरकार के लिए निर्णय होना है। इसलिए, माना जा रहा है कि दो चरणों में चुनाव कराया जा सकता है।
विज्ञापन


बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए होना है मतदान
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को पटना से लौटे। दो दिन के बिहार दौरे के बाद अब मतदान की तारीखें घोषित करना ही बचा है। मतदाताओं का गहन पुनरीक्षण पूरा कर मतदाता सूची जारी की जा चुकी है। बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए अमूमन सितंबर अंत तक अधिसूचना जारी होती रही है। 2010 में 27 सितंबर को पहले चरण की अधिसूचना जारी हुई थी और अंतिम छठे चरण का मतदान 20 नवंबर को कराया गया था। 2015 में तो 16 सितंबर को पहले चरण की अधिसूचना जारी कर पांचवें और अंतिम चरण का मतदान 5 नवंबर को हुआ था। 2020 में पहले चरण की अधिसूचना 1 अक्टूबर को जारी हुई थी और तीसरे-अंतिम चरण का मतदान 7 नवंबर को हुआ था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें