भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए उम्मीदवारों की सूची अभी तक तय नहीं कर पाई है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) अपने प्रत्याशियों के नामों की चर्चा करने के लिए शनिवार यानी आज बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहे।
बिहार विधानसभा के आगामी चुनावों को लेकर भाजपा सीईसी की यह दूसरी बैठक है। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि आठ अक्तूबर थी और इस दौरान 1357 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। प्रथम चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच करने की तिथि नौ अक्तूबर है और 12 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। वहीं, दूसरे चरण के लिए नौ अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान तीन नवंबर को होंगे। दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्रों के लिए वोट डाले जाएंगे। 16 अक्तूबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, वहीं नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्तूबर को की जाएगी। जबकि 19 अक्तूबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। इस चरण के लिए तीन नवंबर को मतदान कराया जाएगा। और तीसरे चरण के लिए सात नवंबर को मतदान होगा।