फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Elections 2020 Live Updates: तीसरे चरण का मतदान खत्म, 57.91 फीसदी हुई वोटिंग

Sat, 07 Nov 2020 08:27 PM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Assembly Election 2020 Live Updates: बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग ने बताया कि तीसरे चरण में 57.91 फीसदी मतदान हुआ। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 15 जिलों की 78 सीटों पर चुनाव हुआ और इस चरण में 1,204 उम्मीदवार मैदान में थे। सभी 33,782 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ था। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:25 PM, 07-Nov-2020

तीसरे चरण में 1204 उम्मीदवार मैदान में थे

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग ने बताया कि तीसरे चरण में 57.91 फीसदी मतदान हुआ। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 15 जिलों की 78 सीटों पर चुनाव हुआ और इस चरण में 1,204 उम्मीदवार मैदान में थे। सभी 33,782 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ था।

07:31 PM, 07-Nov-2020

तीसरे चरण में अब तक 57.91 फीसदी वोटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में अब तक 57.91 फीसदी वोटिंग हुई। 

06:53 PM, 07-Nov-2020

बिहार में नया शासन होगा, जो 3/4 बहुमत के साथ होगा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, बिहार चुनाव में हम इतिहास बनाने जा रहे हैं। 15 साल के एनडीए शासन के बाद एक और नया शासन होगा, जो 3/4 बहुमत के साथ होगा। बिहार के विकास की रूपरेखा जो प्रधानमंत्री मोदी जी की कल्पना में है, उसे नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में पूरा करेंगे।
 

विज्ञापन
06:19 PM, 07-Nov-2020

किशनगंज में शाम 5 बजे तक सबसे अधिक 59.99 फीसदी मतदान

किशनगंज जिले में शाम 5 बजे तक सबसे अधिक 59.99 फीसदी और कटिहार में 48.4 फीसदी मतदान हुआ।

05:56 PM, 07-Nov-2020

शाम पांच बजे तक 55.22 फीसदी मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में शाम पांच बजे तक 55.22 फीसदी मतदान हुआ।
 

विज्ञापन
05:53 PM, 07-Nov-2020

सिमरिया पंचायत में स्थानीय लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया

बिहार में सिमरिया पंचायत में स्थानीय लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। यहां लोग न सड़क, न वोट का नारा लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि हमलोग 30 साल से वोट कर रहे हैं, लेकिन अभी तक यहां सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। करीब 5000 वोटर्स मतदान का बहिष्कार करेंगे। आठ बूथों पर मतदान को रद्द कर दिया गया है। उनलोगों का एक ही नारा है, 'जब तक सड़क नहीं तब तक वोट नहीं।' सिमरिया में मतदान केंद्र संख्या 75 पर एक पोलिंग बूथ एजेंट ने कहा, 'कोई वोट देने नहीं आया है। मुझे नहीं पता कि लोग वोट देने क्यों नहीं आ रहे हैं।'

05:27 PM, 07-Nov-2020

बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाते हुए ITBP के जवान

बिहार: मुजफ्फरपुर में आईटीबीपी के जवान बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाते हुए।
 

05:16 PM, 07-Nov-2020

पूर्णिया के धमदाहा में पुलिस ने की हवाई फायरिंग
पूर्णिया: धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक बूथ के बाहर मतदान में गड़बड़ी करने वाले लोगों का पीछा करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

05:12 PM, 07-Nov-2020

मतदान प्रतिशत के लिहाज से आंकड़ा

मतदान प्रतिशत के लिहाज से सुपौल में 51.12 फीसदी मतदान हुआ है। इसके बाद सहरसा (48.98), मुजफ्फरपुर (48.43), किशनगंज (47.55), पूर्वा चंपारण (47.46), पूर्णिया (46.46), वैशाली (46.34), मधेपुरा (46.33), पशिम चंबा (45.58), समस्तीपुर (45.05), मधुबनी (44.96), सीतामढ़ी (44.65), अररिया (43.22), कटिहार (43.11), और दरभंगा (41.15) फीसदी मतदान हुआ है। 

04:38 PM, 07-Nov-2020

1204 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

बता दें कि तीसरे चरण में 15 जिलों के 78 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। 1204 उम्मीदवार चुनाव के मैदान में हैं। तीसरे चरण में इन 15 जिलों में मतदान हो रहे हैं, जिनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चम्पारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सहरसा, दरभंगा, वैशाली, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।

03:47 PM, 07-Nov-2020

दोपहर तीन बजे तक 45.90 फीसदी मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर तीन बजे तक 45.90 फीसदी मतदान हुआ है।  

03:30 PM, 07-Nov-2020

राजद उम्मीदवार सरफराज आलम ने किया आचार संहिता का उल्लंघन

अररिया, बिहार: राजद उम्मीदवार सरफराज आलम,आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए कुर्ते पर पार्टी का चुनाव चिन्ह (लालटेन) लगा मतदान के लिए पहुंचे। जिलाधिकारी प्रशांत कुमार ने कहा, 'इसकी सूचना हमें प्राप्त हुई है, इस पर हम जरूर कार्रवाई करेंगे।'
 

03:21 PM, 07-Nov-2020

एक बजे तक 34.82 फीसदी मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान जारी है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक 34.82 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान केंद्रों पर धीरे-धीरे मतदाताओं की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। 
 
 

03:14 PM, 07-Nov-2020

मंत्री सुरेश शर्मा की मतदाताओं से विकास के लिए वोट करने की अपील

मुजफ्फरपुर से भाजपा विधायक और मंत्री सुरेश शर्मा ने शनिवार को मतदाताओं से विकास के लिए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, मुजफ्फरपुर शहर को सुंदर बनाने के लिए लोगों से वोट देने के लिए आने की मेरी अपील है। केंद्र सरकार ने मुजफ्फरपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की है और इसके लिए 2,000 करोड़ रुपये दिए हैं। विकास के लिए वोट दें। 

03:03 PM, 07-Nov-2020

10 नवंबर को होगी वोटों की गिनती

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 28 अक्तूबर को पहले चरण का मतदान हुआ, तीन नवंबर को दूसरे चरण का मतदान हुआ और आज तीसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है। वहीं, मतगणना 10 नवंबर को की जाएगी। 

02:38 PM, 07-Nov-2020

लालू-नीतीश से आगे बढ़ने का समय आ गया: पुष्पम प्रिया चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव पर निशाना साधते हुए प्लूरल पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा, इन दोनों नेताओं से आगे बढ़ने का समय आ गया है।

02:19 PM, 07-Nov-2020

किशनगंज में दिव्यांगों और बुजुर्गों की मदद कर रहे जवान

बिहार के किशनगंज में बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में सशस्त्र सीमा बल के जवान दिव्यांगों और बुजुर्गों की मदद करते दिखे।
 
 

02:09 PM, 07-Nov-2020

इन जिलों में इतना हुआ मतदान

वैशाली में 24.58 फीसदी, सुपौल में 21.06 फीसदी, सहरसा में 20.81 फीसदी, पूर्णिया में 20.51 फीसदी, मधुबनी में 20.20 फीसदी, पूर्वी चंपारण में 20.16 फीसदी, मुजफ्फरपुर में 19.82 फीसदी, सीतामढ़ी में 19.71 फीसदी, किशनगंज में 19.63 फीसदी, पश्चिमी चंपारण में 19.14 फीसदी, मधेपुरा में 18.77 फीसदी, कटिहार में 17.77 फीसदी और समस्तीपुर में 17.51 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है।  

01:57 PM, 07-Nov-2020

दोपहर 1 बजे तक 34.82 फीसदी मतदान हुआ

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक 34.82 फीसदी मतदान हुआ है।
 

 

01:46 PM, 07-Nov-2020

मतदान से पहले हो रही थर्मल स्क्रीनिंग

बिहार के मधेपुरा के एक मतदान केंद्र पर मतदान करने के लिए खड़े लोग। मतदान करने से पहले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
 

 

01:37 PM, 07-Nov-2020

सबसे अधिक अररिया और सबसे कम दरभंगा में हुआ मतदान

सबसे अधिक मतदान अररिया में दर्ज किया गया है, जहां 24.87 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, सबसे कम मतदान दरभंगा में दर्ज किया गया है, जहां 13.23 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। 

01:30 PM, 07-Nov-2020

त्रिवेणीगंज में लोगों ने किया वोट का बहिष्कार

बिहार के त्रिवेणीगंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों के विकास कार्य न होने को लेकर चुनाव का बहिष्कार किया। लोगों का कहना है कि रोड नहीं तो वोट नहीं। 
 

 

01:17 PM, 07-Nov-2020

एक बजे तक 22.74 फीसदी मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में दोपहर 1 बजे तक 22.74 फीसदी मतदान हुआ है।
 
 

01:10 PM, 07-Nov-2020

कोरोना से निर्दलीय प्रत्याशी की मौत

बिहार में तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। इस बीच मधुबनी के बेनीपट्टी विधानसभा के निर्दलीय उम्मीदवार नीरज झा का पटना एम्स में निधन हो गया है। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद वह 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।  

12:56 PM, 07-Nov-2020

बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं: सुभाषिनी राज राव

लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव ने कहा कि लोग बिहार में बदलाव चाहते हैं और अब गरीबों की सरकार बनेगी। उन्होंने बिहार के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान में मधेपुरा के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वह बिहारगंज से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। 

12:42 PM, 07-Nov-2020

मतदान केंद्रों पर पहुंचने के लिए लोगों ने बनाया पुल

मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में मदद के लिए स्थानीय लोगों ने मुजफ्फरपुर में एक अस्थायी पुल बनाया है। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, नदी को पार करने के लिए कोई पुल नहीं था। हमने लोगों के आसान आवागमन के लिए इस पुल का निर्माण किया। हम चाहते थे कि अधिकतम लोग अपना वोट डालें। 
 
 

12:27 PM, 07-Nov-2020

राजद प्रत्याशी सरफराज आलम ने तोड़ी आचार संहिता

राजद प्रत्याशी सरफराज आलम पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है। अररिया जिले के जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर सरफराज लालटेन छाप का बैज लगाकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने उनपर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

12:08 PM, 07-Nov-2020

सुबह 11 बजे तक 19.77 फीसदी मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान जारी है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक तीसरे चरण के लिए 19.77 फीसदी मतदान हुआ है। 
 

 

11:53 AM, 07-Nov-2020

कटिहार में चारपाई पर लेटकर वोट डालने पहुंचा बुजुर्ग

कटिहार के एक मतदान केंद्र पर एक बूढ़े व्यक्ति को उसके परिवार के सदस्यों द्वारा चारपाई पर लेटाकर उसे वोट डालने में मदद करने के लिए लाया गया। बिहार में तीसरे चरण का मतदान जारी है। 
 
 

11:36 AM, 07-Nov-2020

11 बजे तक 18.12 फीसदी मतदान हुआ

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 11 बजे तक 18.12 फीसदी मतदान हुआ है। 
 

 

11:31 AM, 07-Nov-2020

पूर्व सांसद आनंद मोहन और राजद उम्मीदवार लवली सिंह ने डाला वोट

पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी और सहरसा से राजद उम्मीदवार लवली आनंद ने बूथ नंबर 209 में मतदान किया। उन्होंने कहा, शासन और प्रशासन मतदान को डिस्टर्ब कर रहे हैं। जहां 7 बजे से मतदान होना था वहां 9 बजे शुरू किया गया। मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। हम चुनाव आयोग को फैक्स करेंगे। 
 


 

11:21 AM, 07-Nov-2020

सुशील मोदी की मतदाताओं से वोट करने की अपील

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने मतदाताओं से बढ़कर चढ़कर मतदान करने की अपील की है। सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा, मतदातओं से अपील है कि तीसरे व अंतिम चरण के मतदान में बड़ी संख्या में घरों से निकल कर राज्य की समृद्धि, प्रगति व खुशहाली के लिए वोट करें। आपके एक-एक वोट से ही बिहार का भविष्य संवरेगा और प्रगति की गति और तेज होगी। हां, इस दौरान कोरोना संक्रमण के मद्देनजर आवश्यक एहतियात जरूर बरतें।
 

 

11:11 AM, 07-Nov-2020

इस चुनाव में जनता नीतीश को रिटायर कर देगी: संजय राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, नीतीश जी बहुत बड़े नेता हैं। वो अपनी पारी खेल चुके हैं। अगर कोई नेता कहता है कि ये मेरा आखिरी चुनाव है तो उन्हें सम्मान के साथ विदाई देनी चाहिए। बिहार की जनता इस विदाई के मौके का इंतजार कर रही थी। इस चुनाव में जनता उनको रिटायर कर देगी। 

10:56 AM, 07-Nov-2020

सुबह 10 बजे तक 8.13 फीसदी मतदान हुआ

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 10 बजे तक 8.13 फीसदी मतदान हुए। 
 

 

10:50 AM, 07-Nov-2020

नीतीश कुमार ने की मतदान करने की अपील

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से मतदान करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज 78 सीटों पर मतदान है। इन क्षेत्रों के मतदाताओं से मेरी अपील है कि अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। वोट करें। आपका एक वोट बिहार में विकास की गति को जारी रखते हुए इसे एक विकसित प्रदेश बनाएगा। 
 
 

10:40 AM, 07-Nov-2020

हार्ट अटैक से पोलिंग अधिकारी की मौत

मुजफ्फरपुर जिले के औराई विधानसभा क्षेत्र में एक पोलिंग अधिकारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसे लेकर मुजफ्फरपुर जिला लोक सेवा प्राधिकरण के कमल सिंह ने कहा, 'मतदान ड्यूटी पर आज एक व्यक्ति का स्वास्थ्य पहले खराब हो गया और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। वह सिंचाई विभाग के कर्मचारी थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नियमानुसार मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।'
 
 

10:28 AM, 07-Nov-2020

विकलांग मतदाताओं की मदद के लिए तैनात किए गए एसएसबी जवान

सुपौल जिले के सुकेला में बूथ संख्या 97 पर आज सुबह वोट डालने में शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों की मदद के लिए एसएसबी के जवान तैनात किए गए हैं। 

10:16 AM, 07-Nov-2020

राहुल ने लोगों से मतदान की अपील की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर लोगों से मतदान की अपील की है। राहुल ने ट्वीट कर कहा, आज बिहार में अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी वोटरों से अपील है कि इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने वोट के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करें।
 
 

10:07 AM, 07-Nov-2020

मंत्री सुरेश शर्मा ने डाला वोट

बिहार के मंत्री सुरेश शर्मा ने मुजफ्फरपुर के बूथ नंबर 94 में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, मेरी यही अपील है लोगों से कि मुजफ्फरपुर शहर को सुंदर बनाने के लिए मतदान करने जरूर आएं। विकास के लिए मतदान करें।
 
 

09:56 AM, 07-Nov-2020

अभी तक 7.69 फीसदी मतदान हुआ

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 9 बजे तक 7.69 फीसदी मतदान हुए। आज अंतिम चरण में बिहार विधानसभा की 78 सीटों पर मतदान हो रहा है।

09:51 AM, 07-Nov-2020

बिहार अपने भविष्य को लेकर लेगा निर्णय: तेजस्वी

महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार अपने भविष्य को लेकर निर्णय लेगा। बिहार में आज अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। 

09:31 AM, 07-Nov-2020

पुष्पम प्रिया चौधरी ने डाला वोट

द प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने दरभंगा के बूथ नंबर 277 में बिहार चुनाव के अंतिम चरण में मतदान किया। 

09:20 AM, 07-Nov-2020

युवाओं के बीच वोट देने के लिए दिखा जबरदस्त जोश

बिहार में शनिवार को सुबह तीसरे और आखिरी चरण के लिए मतदान जारी है। इस चरण में पहले और दूसरे चरण से ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। पहली बार वोट देने पहुंचे युवाओं में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। 

09:06 AM, 07-Nov-2020

शरद यादव की बेटी ने डाला वोट

लोकतांत्रिक जनता दल (एलजेडी) के मुखिया शरद यादव की बेटी शुभाषिनी राज राव ने मधेपुरा में अपना वोट डाला। वह बिहारीगंज से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। 
 

09:01 AM, 07-Nov-2020

बिहार को लालू-नीतीश से मिले मुक्ति: पुष्पम प्रिया

दरभंगा में वोट डालने के बाद पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा कि हम पहले ही कह चुके हैं कि हमें आगे बढ़ने का हक है। हम आगे तभी बढ़ पाएंगे जब लालू जी और नीतीश जी से मुक्ति मिलेगी। इसी सोच के साथ मैंने वोट किया है।

08:53 AM, 07-Nov-2020

सहरसा के मतदान केंद्र में तकनीकी खराबी के कारण मतदान में देरी

सहरसा में मतदान केंद्र संख्या-149 पर तकनीकी खराबी आने से मतदान में देरी हुई। मतदान केंद्र के पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट ने बताया, 'तकनीकी व्यवधान को दूर करने के लिए कंट्रोल रूम से संपर्क किया है, तकनीकी कर्मी आ गए हैं। थोड़ी देर में तकनीकी खराबी ठीक हो जाएगी।'
 

 

08:47 AM, 07-Nov-2020

सीतामढ़ी के रीगा में खराब हुई ईवीएम

सीतामढ़ी ज़िले के रीगा में मतदान केंद्र संख्या-271 में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आने की वजह से मतदान केंद्र के बाहर लोगों की लंबी लाइन लगी।
 
 

08:41 AM, 07-Nov-2020

ईवीएम में कैद होगी वर्तमान मंत्रियों की किस्मत 

तीसरे चरण में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के अलावा वर्तमान सरकार के मंत्री विनोद नारायण झा, महेश्वर हजारी, नरेंद्र नारायण यादव, खुर्शीद अहमद, प्रमोद कुमार, सुरेश शर्मा लक्ष्मेश्वर राय, विजेंद्र प्रसाद यादव, बीमा भारती, कृष्ण कुमार ऋषि और रमेश ऋषिदेव की किस्मत आज ईवीएम में कैद हो जाएगी।

08:31 AM, 07-Nov-2020

राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम ने डाला वोट

राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम ने कटिहार के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, 'मैं राज्य के लोगों से वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करने की अपील करता हूं ताकि योग्य उम्मीदवार चुने जाएं।'
 
 

08:24 AM, 07-Nov-2020

वोट डालने पहुंचीं पुष्पम प्रिया

प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी वोट डालने के लिए दरभंगा के एक मतदान केंद्र पर पहुंची हैं।
 
 

08:14 AM, 07-Nov-2020

नए बिहार के निर्माण के लिए अपने मतदान का प्रयोग करें: तेजस्वी

तेजस्वी ने नए बिहार के निर्माण के लिए मतदाताओ से अपने मतदान का प्रयोग करने को कहा। राजद नेता ने ट्वीट कर कहा, 'बिहार में तब्दीली की गंगा, गंडक और कोसी बह रही है। बदलाव उफान पर है। सुनहरे भविष्य, चहुंमुखी विकास, विकसित बिहार, अमन, चैन, कायम करने एवं व्यवस्था परिर्वतन और नए दौर में नए बिहार के निर्माण के लिए आज अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करें।'
 
 

08:08 AM, 07-Nov-2020

ईडी से बचने के लिए पीएम मोदी का नाम नहीं लेते तेजस्वी: पप्पू यादव 

पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव हमला करते हुए कहा है कि वे ईडी से बचने के लिए कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लेते हैं। तेजस्वी सिर्फ नीतीश का ही नाम लेते रहते हैं। यह भाजपा की पटकथा है।

08:03 AM, 07-Nov-2020

जेपी नड्डा बोले- बिहार की प्रगति के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान करें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार की प्रगति के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, 'आज, बिहार में अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि कोविड की सावधानियों को ध्यान में रखते हुए बिहार की प्रगति के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें।'
 
 

07:57 AM, 07-Nov-2020

दरभंगा में जारी है मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में दरभंगा में जारी है मतदान। बूथ नंबर 278 का दृश्य।
 
 

07:49 AM, 07-Nov-2020

देश और समाज के कल्याण के लिए काम करे नेता

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में लोगों ने अपने वोट डाले। मुजफ्फरपुर के एक मतदान केंद्र का दृश्य। एक मतदाता ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि हमारा नेता देश और समाज के कल्याण के लिए काम करे।'
 
 

07:41 AM, 07-Nov-2020

तीसरे चरण के लिए जारी है मतदान

बिहार विधानसभा के तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। दरभंगा और अररिया के मतदान केंद्रों का दृश्य।
 
 

07:35 AM, 07-Nov-2020

अमित शाह ने विकास और सुशासन को बनाए रखने के लिए मतदान करने की अपील की

गृह मंत्री अमित शाह ने खासतौर से युवाओं से बिहार में विकास और सुशासन को बनाए रखने के लिए मतदान करने की अपील की है। शाह ने लिखा, 'बिहार में तीसरे व अंतिम चरण के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि आप अपने मत अधिकार का उपयोग कर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। विशेषकर युवाओं से आवाहन करता हू्ं कि बिहार में विकास और सुशासन को बनाए रखने के लिए बढ़चढ़ कर मतदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।'
 
 

07:22 AM, 07-Nov-2020

पीएम मोदी ने दिया ये संदेश

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'बिहार विधानसभा चुनावों में आज तीसरे और आखिरी चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। और हां, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी अवश्य रखें।'
 
 

07:14 AM, 07-Nov-2020

आखिरी चरण का मतदान

बिहार में आखिरी चरण का मतदान शुरू हो गया है। सहरसा विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 149 का दृश्य। 
 

 

07:06 AM, 07-Nov-2020

बिहार में आखिरी चरण के लिए मतदान शुरू

बिहार में आखिरी चरण के लिए मतदान शुरू, इस दौर में कुल 1204 उम्मीदवार मैदान में हैं और 78 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिए भी आज मतदान हो रहा है। यहां से जदयू सांसद  बैद्यनाथ महतों की मौत हो गई थी। 

 

06:56 AM, 07-Nov-2020

सोशल डिस्टेंसिंग और सावधानी

किशनगंज में बूथ नंबर 195 और 196 के बाहर लाइन में लगे मतदाता। 
 

06:54 AM, 07-Nov-2020

चिराग बोले- नीतीश कुमार जी दोबारा सीएम नहीं बनेंगे

मतदान से पहले चिराग पासवान ने कहा, जिस तरह से लोगों ने बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट से जुड़ाव महसूस किया है उससे लगता है कि इस चरण में भी हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे। एक बात स्पष्ट है कि नीतीश कुमार जी दोबारा सीएम नहीं बनेंगे। 
 

06:46 AM, 07-Nov-2020

अररिया में मॉक पोल

अररिया के बूथ नंबर 178 पर मॉक पोल हुआ। तीसरे चरण में 78 सीटों पर मतदान होगा। 
 

06:32 AM, 07-Nov-2020

मतदान से पहले सैनिटाइजेशन

कोरोना वायरस के मद्देनजर मुजफ्फरपुर के एक पोलिंग बूथ पर सैनिटाइजेशन कार्य करता कर्मचारी। 
 

06:11 AM, 07-Nov-2020

तेजस्वी बोले, थक चुके हैं नीतीश कुमार

मतदान से पहले तेजस्वी यादव ने कहा, मैं सभी से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लेते हुए मतदान करें। इस चुनाव में बिहार के भविष्य का फैसला होगा। नीतीश जी थक चुके हैं और राज्य को नहीं संभाल सकते। 
 

06:02 AM, 07-Nov-2020

मतदान की तैयारियां

सहरसा के बूथ नंबर 149 पर मतदान की तैयारियां करते मतदानकर्मी। आज तीसरे और आखिरी दौर का मतदान होना है। 
 

05:53 AM, 07-Nov-2020

Bihar Elections 2020: तीसरे चरण का मतदान खत्म, 57.91 फीसदी हुई वोटिंग

बिहार में आज तीसरे और आखिरी चरण का मतदान होगा। आखिरी चरण में विधानसभा अध्यक्ष समेत 12 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चरण में 1204 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1094 पुरुष और 110 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 2 करोड़, 35 लाख 54 हजार 71 मतदाता करेंगे। इनमें 1 करोड़ 23 लाख 46 हजार 799 पुरुष मतदाता और 1 करोड़ 12 लाख 6378 महिला मतदाता शामिल हैं।  इस बार 33782 बूथों में से 4999 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है।

इन दिग्गजों पर टिकी नजरें
तीसरे चरण में सीटों की संख्या भले कम है लेकिन सियासी दिग्गजों की संख्या कम नहीं है। जदयू के टिकट पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी समस्तीपुर के सरायरंजन से चुनाव लड़ रहे हैं। जदयू के मंत्रियों में सिकटा से खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद, दरभंगा के बहादुरपुर से मदन साहनी और कल्याणपुर सुरक्षित से महेश्वर हजारी चुनाव लड़ रहे हैं। लौकाहा से लक्ष्मेश्वर राय, सुपौल से विजेंद्र प्रसाद यादव, मधेपुरा के आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव, सिंहेश्वर सुरक्षित से रमेश ऋषिदेव और रुपौली से बीमा भारती चुनाव मैदान में हैं। भाजपा कोटे के मंत्रियों में मोतिहारी से प्रमोद कुमार, मधुबनी जिले के बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा, मुजफ्फरपुर से सुरेश शर्मा और बनमनखी सीट से कृष्ण कुमार ऋषि शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व मंत्रियों में धमदाहा से लेसी सिंह, बाजपट्टी से डॉ रंजू गीता, लौरिया से विनय बिहारी, कटिहार के प्राणपुर से पूर्व मंत्री विनोद सिंह की पत्नी निशा सिंह, मधुबनी के बाबूबरही से पूर्व मंत्री कपिलदेव कामत की बहू मीना कामत चुनावी मैदान में हैं।

महागठबंधन के कद्दावर मैदान में
इस चरण में महागठबंधन के कई कद्दावर नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। केवटी से राजद के कद्दावर नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी, बोचहा से पूर्व मंत्री रमई राम, सहरसा से पूर्व सांसद लवली आनंद, पातेपुर से शिवचंद्र राम, हयाघाट से भोला यादव, कदवा से शकील अहमद खान, अमौर से अब्दुल जलील मस्तान सहित कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें