एशियन गेम्स के सेपक टाकरा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य बिहार के बॉबी कुमार का पटना लौटने पर भव्य स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर खेल प्राधिकरण के अधिकारियों ने सम्मानित किया। इसके बाद खुली जीप में जुलूस निकाला गया।
एशियन गेम्स के सेपक टाकरा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य बिहार के बॉबी कुमार का मंगलवार को पटना लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। पटना एयरपोर्ट पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बॉबी कुमार को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
विज्ञापन
इस दौरान निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक हिमांशु सिंह, खेल अधिकारी चंदन कुमार सिंह, आनंदी कुमार, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण, बिहार सेपक टाकरा संघ के अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, सचिव करूणेश कुमार समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और सहयोगी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर बैंड-बाजे के साथ बॉबी कुमार का स्वागत किया गया। इसके बाद सजी हुई खुली जीप में बॉबी कुमार को लेकर जुलूस के रूप में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण लाया गया। रास्ते में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और प्रशंसक भी काफिले के साथ चलते रहे।