मोकामा के पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। उपनयन संस्कार के दो वायरल वीडियो सामने आने के बाद इन वीडियो के आधार पर पुलिस ने न केवल एफआईआर दर्ज की है, बल्कि अब ‘एके पैटर्न’ वाले हथियार की मौजूदगी ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है। पहले वीडियो में बार-बालाओं के अश्लील डांस के दौरान अनंत सिंह कुर्सी पर बैठकर ताली बजाते दिख रहे हैं। उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में भोजपुरी गानों की धुन पर कई लोग हाथों में हथियार लहराते हुए डांस कर रहे हैं, जिनके बीच से अनंत सिंह गुजरते नजर आ रहे हैं।
लाव-लश्कर के साथ शामिल हुए थे अनंत सिंह
यह मामला गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमराव गांव का है, जहां 2 और 3 मई को गुड्डू राय के घर उपनयन संस्कार का आयोजन था। इस कार्यक्रम में अनंत सिंह अपने लाव-लश्कर के साथ शामिल हुए थे। वीडियो के वायरल होने के बाद गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने साइबर सेल से इसकी जांच करवाई, जिसमें कुछ लोग लाइसेंसी हथियार भी हवा में लहराते पाए गए हैं।
अनंत सिंह समेत नौ लोगों पर एफआईआर
पुलिस अवर निरीक्षक नवीन कुमार की शिकायत पर मीरगंज थाने में अनंत सिंह, गुड्डू राय, गुंजन सिंह, उत्सव राय, प्रियांशु राय, विशाल राय और सुनील यादव समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन सभी पर आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस की मुख्य प्राथमिकता उस व्यक्ति की पहचान करना है, जिसके हाथ में एके पैटर्न की राइफल देखी गई है। साक्ष्यों की पुष्टि के लिए वीडियो को फॉरेंसिक (FSL) जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है और कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है।
अनंत सिंह बोले- हथियार हाथ में रखना गलत नहीं है
अनंत सिंह का कहना है कि एसपी ने गलती की है। उनका कहना है कि वीडियो की जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और न ही उनके किसी समर्थक ने कोई गलती की है। उनका कहना है कि लाइसेंसी हथियार हाथ में रखना गलत नहीं है और किसी प्रकार का हथियार प्रदर्शन या छिनतई नहीं हुई है। मंदिर में भी पूजा के समय ताली बजाई जाती है, तो उन्होंने डांस के दौरान ताली बजाई, इसमें गलत क्या है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: आसमान से बरसी आफत; बिजली गिरने से शख्स और मवेशी की मौत, गांव में पसरा मातम
जेल जाने के लिए तैयार हूं- अनंत सिंह
अनंत सिंह ने कहा कि यदि एफआईआर हुई है तो वे जेल जाने के लिए तैयार हैं और कोर्ट में भी पेश होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान एसपी को कोई नहीं जानता, इसलिए उन्होंने नाम कमाने के लिए यह कार्रवाई की है। अनंत सिंह ने एसपी से यह भी पूछा कि क्या उन्हें किसी शादी-विवाह या सामाजिक कार्यक्रम में जाना चाहिए या नहीं।
उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध जताते हुए कहा कि उपनयन संस्कार कार्यक्रम में कहीं भी कोई अराजकता नहीं फैली थी, लेकिन फिर भी उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उनका कहना है कि पूरे बिहार में खुशी के मौके पर नाच-गाने का आयोजन होता है, यह कोई नई बात नहीं है। यदि यह गलत है तो प्रशासन को ऐसे कार्यक्रमों पर पूरी तरह रोक लगा देनी चाहिए।