कैमूर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 78.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 46,590 रुपये नकद और एक बाइक भी जब्त की गई।
एसडीपीओ ओमप्रकाश ने सोमवार शाम प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बघेला गांव निवासी घनश्याम सिंह गांव के बाहर कच्ची सड़क पर गांजा छिपाकर उसकी बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने गांव के सिवान में एक पेड़ के नीचे दो व्यक्तियों को बैठे देखा। उनके पास काला तिरपाल रखा हुआ था। पुलिस को देखते ही दोनों वहां से भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पढ़ें: बेंच-डेस्क के सहारे टिकी थी स्कूल की छत; किस विधायक की मांग पर विद्यालय को शिफ्ट किया गया?
तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से 46,500 रुपये और दूसरे के पास से 90 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, काले तिरपाल की तलाशी लेने पर उसमें से 78.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे की विधिवत जब्ती सूची तैयार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पानापुर धर्मपुर निवासी मंटू चौरसिया और चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला निवासी घनश्याम सिंह के रूप में हुई है।पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इसकी खपत के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही, इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।