सच्चिदानंद कॉलोनी में भीषण आग से कई झुग्गी-झोपड़ी जलीं
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में गुरुवार शाम को भागलपुर एयरपोर्ट के पास जीरोमाइल थाना क्षेत्र के सच्चिदानंद कॉलोनी में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आग लगने को लेकर बताया जा रहा है कि सिलेंडर ब्लास्ट होने से यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमें आग बुझाने के लिए जुट गई। करीब 4 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान करीब 41 घर जलकर राख हो गए। आधा दर्जन से अधिक मवेशी जलने की भी बात सामने आई है। अगलगी में करोड़ों की संपत्ति की नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, भागलपुर में एयरपोर्ट के पास सच्चिदानंद कॉलोनी में गुरुवार शाम को अचानक भीषण आग की लपटें देखकर लोग चौंक पड़े। कई किलोमीटर दूर से लोग धधकती आग और उसका धुआं देख एयरपोर्ट रोड की ओर जा रहे हैं। आग विक्रमशिला कॉलोनी की तरफ से उठ रही है। आसपास के लोग कई धमाके की जानकारी दे रहे हैं। कई सिलेंडर फटने की बात सामने आ रही है।
एयरपोर्ट के एक छोर पर पेट्रोल पंप है
भागलपुर में एयरपोर्ट के ठीक सामने तिलकामांझी केंद्रीय कारागार है। एयरपोर्ट के एक छोर पर पेट्रोल पंप है। हालांकि घटनास्थल इससे काफी दूर है। मौके पर अग्निशमन दस्ता पहुंच गया है, लेकिन अभी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। भीषण गर्मी के बीच इस आग के कारण बच्चों और बुजुर्गों को इसके आसपास से लोगों ने निकाल दिया है। आग की शुरुआत कहां से हुई, इसकी पक्की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
एक घर में बेटी की विदाई हुई थी
अमर उजाला की पड़ताल के बाद एक और चीज सामने निकल कर आई है। इस भीषण आगजनी में दो ऐसे मकान जल गए जिनमें से एक में आज ही बेटी की विदाई हुई जबकि दूसरे घर में दो मई बेटे की बारात निकलनी थी। बराती साज सजावट की तैयारी कर चुके थे और इसको लेकर उन्होंने दो लाख रुपए खर्च भी किए थे। लड़की छोटेलाल मंडल की पुत्री नवनीता है जिसकी आज विदाई हुई। वहीं रसपति मंडल के पुत्र मिथिलेश कुमार मंडल बारात सजने वाला था।