बांका जिले के शीतलपुर गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 40 वर्षीय नरोत्तम कुमार दुबे ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे नरोत्तम ने अपने बेटे को बताया कि उसने जहर खा लिया है। पूछने पर उसने भी इसकी पुष्टि की।
इसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि नरोत्तम ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।