अस्पताल में चिकित्सक और मरीज के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बांका के बौंसी प्रखंड क्षेत्र के झालर गांव में मंगलवार को वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों युवक गांव के निकट बहियार में खेत में काम कर रहे थे। मृतकों की पहचान झालर गांव निवासी शिवनारायण यादव के पुत्र अरविंद यादव (22) और सुचित कुमार के पुत्र बबलू कुमार (15) के रूप में हुई। वहीं, घायल युवक रमेश कुमार (28), देवेंद्र यादव का पुत्र है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: अब बिहार के सरकारी अस्पताल में पिस्टल, फायरिंग से पहले पकड़ा; पटना में हुई थी चंदन मिश्रा की हत्या
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि तीनों युवक बारिश से बचने के लिए खेत के समीप एक पेड़ के नीचे खड़े हो गये। तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर अरविंद और बबलू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रमेश कुमार झुलसकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख नीतू हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंची और घायल रमेश को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। डॉ. उत्तम कुमार की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बौंसी थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : विधान सभा पहुंचकर भी तेज प्रताप बाहर से ही लौटे, काला ड्रेस नहीं पहनने पर कही यह बात
बबलू कुमार की मां मालती देवी, पिता सुचित कुमार, भाई अरविंद कुमार और बहनें रेणु एवं स्वीटी का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद प्रखंड प्रमुख नीतू हेंब्रम ने अस्पताल और गांव दोनों स्थानों पर पहुंचकर घायलों व मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया