सार
भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार रोशनी कुमारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर के समीप रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
मृतका की पहचान मुंगेर जिले के मिर्जापुर निवासी रोशनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोशनी अपने पति के साथ बाइक से असरगंज से मिर्जापुर लौट रही थीं। इसी दौरान शिवनंदनपुर के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोशनी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
पढ़ें: आज से बदल जाएगी बिहार की सरकारी शिक्षा! 521 मॉडल स्कूलों का शुभारंभ, नालंदा के 20 स्कूल भी होंगे हाईटेक
घायल पति को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर बांस लगाकर कई घंटों तक सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।