भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा में पुलिस, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त छापेमारी में तीन अपराधी गिरफ्तार किए गए। उनके पास से देसी मस्केट, दोनाली बंदूक, कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद हुई। बड़ी वारदात की आशंका जताई गई है।
भागलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा से तीन अपराधियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शंकरपुर दियारा इलाके में हथियार जमा कर बड़ी घटना की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी भरत कुमार, सबौर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी नंदकिशोर मंडल तथा परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा निवासी भोला मंडल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी मस्केट, एक दोनाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था।