भागलपुर में लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला जोगसर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ प्रियंका देवी नामक महिला ने विनोद नाम के युवक पर तीन लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विनोद ने लोन दिलाने का झांसा देकर रुपये लिए, लेकिन न तो लोन दिलवाया और न ही पैसे लौटाए।
रुपये वापस न मिलने से नाराज प्रियंका देवी ने अपने बेटों के साथ विनोद को मोक्षदा स्कूल के पास बुलाया और सरेआम उसकी पिटाई शुरू कर दी। महिला ने चप्पलों और हेलमेट से उस पर हमला किया, वहीं बेटों ने लात-घूंसों से मारकर उसे अधमरा कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, लेकिन भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की।
ये भी पढ़ें:
बेकाबू हुआ झूला, हवा में उछलते हुए गिरे लोग; सासाराम प्रदर्शनी मेले में हादसा, कई घायल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक समेत महिला व उसके बेटों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने विनोद के बयान पर माँ-बेटों सहित चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, प्रियंका देवी ने भी विनोद पर लोन के नाम पर ठगी करने का केस दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने कानून हाथ में लेने के आरोप में महिला समेत चार लोगों को जेल भेज दिया है।