पुलिस वालों के साथ नोंक झोंक करते गोपाल मंडल
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर के बरारी ड्योढ़ी रोड में रविवार को रास्ता घेरने के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। वहीं, विवाद के दौरान मौके पर पहुंचे अपने बयानों के लिए चर्चित पूर्व विधायक गोपाल मंडल और पुलिसकर्मियों के बीच सरेआम तीखी नोकझोंक हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और पूर्व विधायक एक-दूसरे से बहस करते नजर आ रहे हैं।
सार्वजनिक रास्ता बंद करने का आरोप
मामले को लेकर एक पक्ष के स्थानीय लोगों का आरोप है कि शंकर यादव नाम का व्यक्ति वर्षों से आम जनता द्वारा उपयोग किए जा रहे रास्ते को दीवार खड़ी कर जबरन बंद करने का प्रयास कर रहा है। लोगों का दावा है कि वर्ष 2020 में भी इसी जगह पर बनाई गई अवैध दीवार को न्यायालय के आदेश पर तोड़ दिया गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अब पूर्व विधायक गोपाल मंडल के संरक्षण में दोबारा इस रास्ते को बंद करने के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
'जमीन मेरी, रास्ता नहीं'
वहीं दूसरी तरफ शंकर यादव ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि संबंधित भूमि उनकी खरीदी हुई निजी संपत्ति है और यहां कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में नाले पर अतिक्रमण का नोटिस जारी होने के बाद प्रशासन ने उनकी दीवार को गलत तरीके से तोड़ दिया था। इसके कानूनी दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस समय की कार्रवाई के दौरान मलबे में दबकर उनकी एक गाय की भी मौत हो गई थी।
पुलिस पहुंची तो बढ़ा विवाद
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को समझाने लगी। इसी बीच वहां पहुंचे पूर्व विधायक गोपाल मंडल की पुलिसकर्मियों से किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई।
ये भी पढ़ें:
आज खत्म हो रही समयसीमा, क्या आवास खाली करेंगी राबड़ी देवी या बढ़ेगा राजनीतिक टकराव?
पुलिसकर्मी को कहा ‘गंजेड़ी’
बहस के दौरान गोपाल मंडल अपने तीखे तेवर में नजर आए और उन्होंने एक पुलिसकर्मी को ही ‘गंजेड़ी’ कह दिया। इसके बाद बरारी थाना की पुलिस, जो मौके पर पहुंची थी, ने भी आपत्ति जताई। मामले को लेकर स्थानीय थाने की पुलिस ने कहा, 'आप पूर्व विधायक हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि आप कुछ भी बोल दें।'