सावन की पहली सोमवारी पर सुल्तानगंज स्थित विश्वप्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लाखों शिवभक्तों ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान किया और गंगाजल लेकर बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। प्रशासन के अनुसार, पहली सोमवारी पर करीब पांच लाख कांवड़ियों ने गंगाजल उठाया। पूरा अजगैविनाथ धाम 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंज उठा।
उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उत्तरवाहिनी गंगा तट पर उमड़ पड़ी। शिवभक्तों ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद गंगाजल भरा और अजगैविनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इसके साथ ही माता पार्वती की भी पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
देशभर से पहुंचे कांवरिये, बैद्यनाथ धाम के लिए हुए रवाना
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान करने के बाद पुरोहितों से पूजा-अर्चना कराई और गंगाजल लेकर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारे लगाते हुए पैदल और वाहनों से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की यात्रा शुरू की। कांवड़ पथ पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
पहली सोमवारी का विशेष धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यता है कि सावन की पहली सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी मान्यता के चलते आसपास के क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अजगैविनाथ धाम पहुंचे। भक्तों ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महंत बोले- इस बार सावन में चार सोमवारी
अजगैविनाथ धाम के महंत प्रेमानंद गिरी ने बताया कि इस वर्ष सावन में चार सोमवारी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई बार पुजारियों को पूजा-अर्चना कराने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर और पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। डीएसपी नवनीत कुमार स्वयं मंदिर परिसर और गंगा घाट का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।
सफाई व्यवस्था बेहतर, पेयजल की कमी से परेशानी
नगर परिषद सुल्तानगंज की ओर से सावन मेले के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। एजेंसी सुगम इंडिया लिमिटेड के माध्यम से तीन शिफ्टों में लगातार सफाई कराई जा रही है। हालांकि, मंदिर परिसर में पीएचईडी विभाग की ओर से पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने के कारण कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पानी की व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में गूंजा पूरा धाम
पूरे दिन अजगैविनाथ धाम में हजारों शिवभक्तों की मौजूदगी रही। मंदिर परिसर, गंगा घाट और कांवड़ पथ पर हर ओर श्रद्धालुओं की भीड़ और शिवभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सावन की पहली सोमवारी पर सुल्तानगंज पूरी तरह शिवमय नजर आया।