बैठक करते हुए डिप्टी सीएम सहित अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 फरवरी को भागलपुर आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हवाई अड्डा मैदान में होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री देश भर के किसानों को संबोधित करेंगे। इसे सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को भागलपुर पहुंचे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डिप्टी सीएम ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर लाखों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भागलपुर कृषि प्रधान क्षेत्र है, इसलिए प्रधानमंत्री ने इस जिले को अपने संबोधन के लिए चुना है। सम्राट चौधरी ने कहा कि 2025 में भागलपुर जिले के विकास के लिए एक नई रूपरेखा तैयार की जाएगी।
आलाधिकारियों के साथ बैठक, तैयारियों की समीक्षा
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मंच निर्माण, एयर स्ट्रिप, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार ने उन्हें अब तक की तैयारियों से अवगत कराया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान आने वाले लाखों किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बेहतर यातायात, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मोदी की इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
विक्रमशिला केंद्रीय विवि का भी शिलान्यास होगा
24 फरवरी को नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारी का जायजा लेने शनिवार को भागलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, भागलपुर में बनने वाले ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट को बजट सत्र के दौरान ही फाइनेंस मिनिस्टर ने घोषित कर दिया है। भागलपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट हम बनाएंगे। वहीं, पीएम इस कार्यक्रम के दौरान विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे के सवाल पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि उसके लिए पहले भारत सरकार कानून बनाकर सांसद में बिल लाएगी। इसके बाद ही शिलान्यास होगा। डिप्टी सीएम के इस बयान के सामने आने के बाद प्रदेश के लोगों की उम्मीदें फिलहाल बिखर गई।