Bihar: सूचना मिलने पर ग्रामीण नाव लेकर मौके पर पहुंचे और घंटों की खोजबीन के बाद जीतू का शव और उसकी साइकिल बरामद की गई। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
बाढ़ के तेज बहाव ने पीरपैंती प्रखंड के रसीदपुर गांव में एक परिवार के चिराग को छीन लिया। भागलपुर जिले के रसीदपुर में शनिवार को 18 वर्षीय जीतू कुमार का बाढ़ के पानी में बहकर दर्दनाक निधन हो गया।
मृतक की पहचान मानिकपुर निवासी पूरण लहरी के पुत्र जीतू कुमार के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह साइकिल पर फेरी का सामान लेकर बकिया दियारा गांव जा रहा था। रसीदपुर गांव के पास सड़क पर तेज बहाव वाले पानी में संतुलन खो जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया।
सूचना मिलने पर ग्रामीण नाव लेकर मौके पर पहुंचे और घंटों की खोजबीन के बाद जीतू का शव और उसकी साइकिल बरामद की गई। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज भेज दिया और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवागमन के लिए वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराने की मांग की है।