बिहार के भागलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन अब उसका पति फरार हो गया। उसके बाद से नव विवाहिता अब न्याय पाने के लिए अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही है। यह मामला बांका जिला के बाराहाट थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि युवती को अपने ही गांव के एक युवक से इस कदर इश्क हो गया था कि उसके प्यार के लिए उसने अपने परिवार तलक को छोड़ दिया। आरोप है कि युवती को युवक ने पहले अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का प्रलोभन देकर गर्भवती बनाया। उसके बाद उसका गर्भपात भी कराया। जब युवती ने दबाव बनाया तो युवक और उसके परिवार वालों ने मिलकर दोनों की शादी रचा दी। लेकिन यह शादी चार दिन भी नहीं टिक सकी। अब पीड़ित नव विवाहिता न्याय पाने के लिए दर-दर भटक रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब नव विवाहिता भागलपुर रेंज डीआईजी विवेकानंद के कार्यालय न्याय के लिए गुहार लगाने पहुंची। दरअसल, बांका जिला के बाराहाट थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी नव विवाहिता निशा भारती ने प्रेमी/पति मनीष पासवान पर शादी करके परिजनों के साथ फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने डीआईजी से लिखित शिकायत की है।
शिकायती पत्र में पीड़िता निशा भारती ने बताया कि वह यादव समाज से आती है और उसका पति पासवान जाति का है। वह गांव के ही संजय पासवान का बेटा है। उन्होंने बताया कि मनीष के साथ पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध में थी। इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध भी बने, जिससे मैं गर्भवती भी हो गई थी। उसने (मनीष ने) विश्वास में लेकर यह कहा था कि हम दोनों शादी करेंगे। इसलिए शादी के पहले बच्चा नहीं आना चाहिए, जिसके बाद मैंने उसका विश्वास करके दवा खा ली थी।
निशा ने बताया कि जब मैंने अपने परिजनों के खिलाफ जाकर मनीष पर शादी के लिए दबाव बनाया। तब उसके बाद मनीष के माता-पिता ने मुझे बुलाकर अपने सामने मनीष से 17 मई को मेरी मांग में सिंदूर भी भरवा दिया था। वहीं, शादी होने के बाद मनीष के परिजनों ने हम दोनों को भागलपुर के कहलगांव स्थित एक होटल में हनीमून मनाने को कह कर भेज दिया। वहां हम दोनों होटल में चार दिनों तक पति-पत्नी के रूप में रहे।
पीड़िता ने बताया कि इसी दौरान मनीष के पिता ने 21 मई को हम दोनों को कोट मैरिज करने के लिए बांका बुलाया। फिर मनीष के पिता संजय पासवान ने मुझको मेरे पिता दयानंद यादव और मेरे परिजनों को सौंप दिया। मैं अपने पिता के साथ घर वापस नहीं आना चाह रही थी तो उन्होंने मेरी जमकर पिटाई कर दी, क्योंकि वह मेरी इस शादी से नाखुश थे। तभी मनीष को भी उसके पापा अपने घर ले गए और मुझसे कोई भी संपर्क नहीं होने दिया। मैंने जब बात करना चाहा तो मनीष के पापा ने कहा कि 10 लाख रुपये दहेज दोगी, तभी मेरे घर आ सकती हो। निशा ने आरोप लगाया कि मनीष को उन लोगों ने कहीं छिपा दिया है।