बांका के अमरपुर थानाक्षेत्र के कापरीचक गांव के पूरब की ओर चौर बहियार के बड़ी पुलिया के पास नहर में एक लगभग 25 वर्षीय युवती का शव मिला। इस घटना से आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। उसके बाद शव देखने के लिए चारों ओर भीड़ जुट गई। हालांकि शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव के गले और शरीर की अन्य कई जगहों पर जख्म के निशान मिले हैं। शव के कपड़े भी अस्त-व्यस्त पाए गए हैं।
लोगों ने बताया कि अपराधियों द्वारा दो-तीन दिन पूर्व ही युवती से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ किसानों ने बताया कि बहियार में धान की फसल देखने गए थे। जहां नहर किनारे पानी में शव को तैरते देखा। आसपास गांव के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो पाई।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर दारोगा विक्की कुमार और रश्मि कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए। लेकिन नहर में गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण लगभग दो घंटे तक शव के पास नहीं पहुंच पाए। कड़ी मशक्कत के बाद नहर के पानी से शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या युवती से दुष्कर्म कर हत्या कर दिए जाने के जैसा लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस आसपास के गांव के लोगों से भी शव की शिनाख्त को लेकर सहायता ले रही है और छानबीन में जुट गई है।