बिहार की रहने वाली 18 वर्षीय गैंग रेप पीड़िता ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। मामला भागलपुर के साबौर का है, जहां इस जघन्य अपराध के बाद पीड़िता मानसिक तनाव से गुजर रही थी। दरिंदों ने पीड़िता के साथ रेप किया और उसका वीडियो भी बना लिया।
आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर वह इस घटना के बारे में किसी को कुछ भी बताती है तो वह उसके रेप का वीड़ियो वायरल कर देंगे। बता दें कि पीड़िता के साथ बीती 9 अक्तूबर को गांव के ही कुछ लड़कों ने रेप किया था। पीड़िता में अपने सुसाइड नोट में सारी बातें लिखी, जिसके बाद मामला सामने आया।
साबौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता ने सुसाइड नोट में लिखा कि 12वीं में पढ़ने वाले मृत्युंजय कुमार यादव ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने पहले उसे बाइक पर अगवाह किया और अपने एक दोस्त के घर ले गए।
पढ़ें: बिहार में रोज कम से कम 3 महिलाएं हो रहीं रेप की शिकार
पीड़िता ने लिखा कि वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और पूरी कहानी बताई। स्थानीय लोगों की मानें तो पीड़िता के परिवार ने पहले इस मामले को गांव पंचायत में हल करना चाहा, लेकिन उनके हाथ निराशा लगी। जिसके बाद पीड़िता ने यह कदम उठाया।
साबौर एसएचओ राजीव कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे। उन्होंने बताया कि पीड़िता की जान बच सकती थी, अगर घर वाले पहले ही इस मामले को पुलिस के सामने लाते।