बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (बीसीईसीई) 2026 आगामी 30 मई और 31 मई को आयोजित की जाएगी। 30 मई को यह परीक्षा चार पालियों में तथा 31 मई को एक पाली में आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जो 5 मई 2026 तक जारी रहेगी।
कृषि कोर्सों के अंतर्गत बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में कृषि, उद्यान और वानिकी के स्नातक कोर्स की 50 प्रतिशत सीटें पीसीएम और पीसीबी की संयुक्त मेधा सूची से भरी जाएंगी। इसके अलावा, राज्य के मान्यता प्राप्त सरकारी फार्मेसी संस्थानों के डिग्री कोर्स में भी इसी परीक्षा के आधार पर नामांकन होगा।
मेडिकल क्षेत्र से जुड़े फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, रेडियो इमेजिंग टेक्नोलॉजी और ऑप्टोमेट्री जैसे स्नातक कोर्सों में भी प्रवेश इसी परीक्षा के माध्यम से मिलेगा। वहीं, बिहार के सरकारी और निजी संस्थानों में बीएससी नर्सिंग सहित अन्य समकक्ष कोर्सों में भी सफल अभ्यर्थियों का नामांकन किया जाएगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी विस्तृत जानकारी
इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जाकर विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं तथा वहीं से प्रॉस्पेक्टस भी डाउनलोड कर सकते हैं।