बिहार के आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपी शूटर पिंटू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद हाफ पैंट में सड़क पर पैदल घुमाया। आरोपी को नवादा थाने से अदालत तक करीब ढाई किलोमीटर पैदल ले जाया गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आरा के नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में पूर्व कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की हत्या के वांछित शूटर को पुलिस ने मंगलवार अपराह्न हाफ पैंट में सड़क पर पैदल घुमाया। पुलिस की टीम आरोपी शूटर पिंटू सिंह को नवादा थाने से अदालत तक लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी पैदल तय कराकर ले गई। सड़क पर आरोपी की हाफ पैंट में परेड शहर में चर्चा का विषय बनी रही।
विज्ञापन
नागालैंड भाग गया था आरोपी शूटर
रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल आरोपी पिंटू सिंह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए नागालैंड भाग गया था। पुलिस लगातार उस पर दबिश बना रही थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की।
भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान हत्याकांड की साजिश से जुड़े कई अहम राज उजागर हुए हैं। पड़ताल में सामने आया है कि यह पूरा मामला भूमि विवाद से जुड़ा है और हत्या कराने के लिए सुपारी दी गई थी। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पहले भी तीन आरोपियों को ले गई थी पुलिस
मूल रूप से बिहिया के झौंवा गांव का निवासी पिंटू सिंह वर्तमान में चंदवा मोहल्ला स्थित कृष्णानगर में रहता था। इससे पूर्व 22 अक्तूबर को भी नवादा थाना पुलिस ने इस हत्याकांड में गिरफ्तार तीन आरोपियों चंदन सिंह, टीपू कुमार और अभिषेक कुमार को अदालत तक इसी तरह पैदल पहुंचाया था। उस समय भी पुलिस ने आरोपियों को थाने से कोर्ट तक लगभग ढाई किलोमीटर पैदल चलाया था।