बगहा में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। नाराज़ लोगों ने चौतरवा–धनहा मुख्य सड़क को जाम कर जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। हंगामे के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि लंबे समय से गैस की आपूर्ति बाधित है, लेकिन संबंधित एजेंसी और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। खासतौर पर पतीलार स्थित एचपी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए कई दिनों से चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें:
बारात से लौटते समय दर्दनाक हादसा; पिकअप की टक्कर से दो की मौत, एक गंभीर
प्रशासन ने कराया जाम समाप्त, चेतावनी जारी
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुँचा और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफ़ी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। हालांकि, उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गैस आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो वे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।