बेगूसराय रेलवे स्टेशन।
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में इन दो अफवाहों ग्रामीण इलाकों के यात्री प्रभावित
बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर भी कई यात्री इस भ्रम में दिखे कि प्रयागराज जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिकट फ्री कर दिया है। बेगूसराय में ट्रेन के इंतजार में बैठी महिलाओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज जाने के लिए ट्रेन के साथ-साथ वहां रहना और अन्य सुविधाएं फ्री कर दी गई हैं। जब 'अमर उजाला' ने उनसे कुछ भीड़ को दिखाते हुए पूछा कि क्या आपको डर नहीं लगता? तो महिलाओं ने जवाब दिया कि अगर भगदड़ में मैं मर जाती हूं तो मेरे बेटे को मोदी जी 20 लाख रुपया देंगे। यह दोनों अफवाहें भीड़ को बढ़ाने के लिए काफी हैं। इस अफवाह को किसने फैलाया लेकिन गांव के कम पढ़े लिखे लोग इससे काफी प्रभावित हुए हैं। ग्रामीण इलाकों से लोगों का रैला महाकुंभ जाने के लिए निकल रहा है। रेलवे स्टेशन पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यह उपाय
इधर, बेगूसराय के स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि भीड़ को रोकने का निर्देश आया है। उस निर्देश के तहत स्टेशन कैंपस में 40/40 का एक पंडाल बनाया जा रहा है। जिसमें कुंभ जाने वाले यात्रियों को बैठाया जाएगा। जब प्रयागराज जाने वाली ट्रेन आएंगी तब उन्हें पुलिस बल के निर्देश के अनुसार टिकट की जांच करते हुए प्लेटफार्म पर लाया जाएगा। ऐसा करने के पीछे दो मकसद है। पहला यह कि प्लेटफार्म पर भीड़ को कम किया जा सके और दूसरा यह कि ट्रेन में बढ़ती भीड़ पर नियंत्रण किया जा सके।
रेलवे स्टेशन उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
खगड़िया में बिना टिकट प्रवेश पर पूरी तरह रोक
खगड़िया में स्टेशन पर बिना टिकट के प्रवेश पर रोक है। सोमवार रात करीब 10 बजे स्टेशन में प्रयागराज जाने वाले लोगों की भीड़ देखी गई। वहीं इस दौरान रेलवे के अधिकारी भी मुस्तैद दिखे। डीसीआई कुमुद रंजन ने कहा कि स्टेशन परिसर में विशेष सतर्कता रखी गई है। भीड़ अनियंत्रित नहीं हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए। बता दें कि मंगलवार को भी स्टेशन परिसर में अधिकारियों की टीम सुबह से मुस्तैद देखी जा रही है।
जयनगर रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
जयनगर और मधुबनी रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट सफर करते दिखे लोग
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ में अंतिम स्नान को लेकर ट्रेनों में भीड़ कम नहीं हो रही है। जयनगर रेलवे स्टेशन से जानेवाली हर ट्रेन में भीड़ देखी जा रही है। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन में तो पैर रखने की जगह नहीं है। इधर, रेल प्रशासन द्वारा स्थानीय पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ की भी तैनाती की गई है लेकिन यह भी लोगों के हुजूम के सामने कम पड़ रहे हैं। वहीं अत्यधिक भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने जयनगर से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन की शुरुआत भी की है लेकिन फिर लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। यहां भी फ्री टिकट की अफवाह है। कई यात्री बिना टिकट के ही जेनरल और स्लीपर क्लास के डिब्बों के चढ़ते दिखे। पूछने पर कहते हैं मोदी जी ने सब कुछ फ्री कर दिया है। कुंभ जाने के लिए पैसे नहीं लगते हैं। बिना टिकट भी धड़ल्ले से सफर कर रहे हैं। जयनगर रेलवे स्टेशन या मधुबनी रेलवे स्टेशन पर टिकटों की जांच भी नहीं की जा रही है।
गया जंक्शन पर यात्रियों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया
गया रेलवे स्टेशन से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के पास वैध टिकट होना जरूरी है। प्रयागराज जाने के लिए गया रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्म पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन उन लोगों के प्रवेश पर रोक लगा रखा है, जिसके पास वैद्य टिकट नहीं है। मंगलवार को गया रेल प्रशासन ने महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग अभियान के दौरान प्रयागराज जा रहे 25 यात्रियों को बिना टिकट पड़ा है। उन सभी यात्रियों से जुर्माना वसूला गया।
सुने हैं टिकट नहीं लेना है
गया जिले की रहने वाली सरिता देवी ने कहा कि प्रयागराज जा रहे हैं, संगम में डुबकी लगाने। रेल प्रशासन की बेहतर व्यवस्था है। सुने हैं की टिकट नहीं लेना है। श्रद्धालुओं को महाकुंभ जाने के लिए ऐसी व्यवस्था की गई है। लेकिन, हम लोग टिकट लेकर महाकुंभ जा रहे हैं।
कुंभ जाने के लिए बेताब दिखे यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
उपद्रव को लेकर नहीं चलाया जा रहा है चेकिंग अभियान
गया रेलवे स्टेशन प्रबंधक विनोद राम ने बताया कि प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गया रेलवे स्टेशन से दो-दो घंटा पर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं। साथ ही अन्य कई सुविधाएं भी दी जा रही है। अब तक तीन लाख से अधिक लोग प्रयागराज जा चुके हैं। बहुत सा लोग बिना टिकट यात्रा कर रहे हैं। भीड़ इतनी ज्यादा जुट रही है कि सभी लोगों का टिकट जांच कर नहीं पा रहे हैं। जांच करने का प्रयास करेंगे तो हो सकता है, उपद्रव हो जाए। इस उपद्रव से बचने के लिए हम लोग टिकट जांच अभियान नहीं चला पा रहे हैं लेकिन विगत दो दिनों से सघन टिकट चेकिंग अभियान जारी किए हैं। 28-29 फरवरी के बाद अचानक भी बढ़ गई है। अभी तक 150 ट्रेन खुल चुकी है प्रतिदिन 15 ट्रेन प्रयागराज के लिए गया रेलवे स्टेशन से खुल रही है।