बिहार में शादी के दौरान एक अजीब वारदात हुई, प्रेमिका की शादी से प्रेमी इस कदर भड़का कि उसने गुस्से में आकर दूल्हे पर तेजाब से हमला कर दिया। इस घटना में दूल्हा बुरी तरह से झुलस गया। अचानक हुई घटना से बारातियों और घरातियों के होश उड़ गए।
यह मामला, बिहार के लखीसराय जिले के हलसी थाना इलाके के ककरौरी गांव का है, जहां बीती रात शेखपुरा के भदौंस गांव से बारात आई थी, वहीं बारातियों के स्वागत और सभी विधि-विधान के बाद दूल्हे जैसे ही शादी के मंडप पर बैठाया गया, तभी गांव के ही बुद्धन बिंद का बेटा मिथुन कुमार तेजाब से भरी बोतल लेकर पहुंचा और दूल्हे पर तेजाब से हमला कर दिया।
शादी में मच गई अफरातफरी
इस घटना में शादी के मंडप में दूल्हे पर तेजाब फेंकने की घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। घटना में नवीन का चेहरा और पीठ झुलस गया है। घटना के बाद घायल दूल्हे को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसे डिसचार्ज कर दिया गया, जिसके बाद विवाह संपन्न कराया गया।
प्रेमी की हुई जमकर पिटाई
इधर, बारात में शामिल लोगों ने तेजाब फेंकने वाले शख्स की जमकर पिटाई की। बाद में घटना की सूचना पाकर हलसी थाने की पुलिस पहुंची, जो आरोपी को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। घटना के संबंध में दूल्हे के भाई ने बताया कि आरोपी को पकड़कर जब लोगों ने पूछताछ की तो उसने कहा कि दुल्हन से उसका काफी दिनों से प्रेम संबंध था।
आरोपी की मानें तो घरवाले उसकी प्रेमिका की शादी जबरदस्ती कर रहे थे। सभी को सबक सिखाने की नीयत से उसने जानबूझकर शादी के मंडप पर ही तेजाब फेंकने की घटना को अंजाम दिया है। इधर, हलसी थाने की पुलिस ने बताया कि इस मामले में घायल के फर्द बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।