तालाबनुमा गड्ढे में गिरी गाड़ी, पांच में से तीन गई जान।
- फोटो : अमर उजाला
वह जगह हादसे की नहीं थी। मौत की तो बिल्कुल नहीं। सड़क अमूमन सुनसान रहती है और ट्रैफिक नहीं के बराबर। लेकिन, मौत आनी थी सो स्कॉर्पियो चालक को झपकी लग गई। गाड़ी सड़क किनारे ऐसे गड्ढे में गिरी, जहां सालभर पानी लगा रहता है। खगड़िया में गौशाला रोड से बछौता के रास्ते में रोजबड स्कूल के पहले तालाब जैसे गड्ढे में गिरने से स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बेगूसराय से बारात आए इन तीनों के अलावा गाड़ी पर सवार बाकी दो का इलाज वापस बेगूसराय ले जाकर चल रहा है। शनिवार को भी बेगूसराय के तीन युवकों की मौत सड़क हादसे में कटिहार में हो गई थी।
रात करीब एक बजे यह हादसा हुआ
मृतकों में सहायक थाना सिंघौल क्षेत्र के विनोदपुर गांव निवासी स्व. जया पाठक के लगभग 30 साल के बेटे दीपक पाठक, लोदीडीह विनोदपुर निवासी सुखदेव सिंह के करीब 30 वर्षीय पुत्र अनु कुमार एवं नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड निवासी जेके पांडे के लगभग 45 वर्षीय पुत्र संतोष पांडे का नाम है। परिजनों ने बताया कि पन्हास निवासी शशिधर सिंह के पुत्र की बारात में स्कॉर्पियो पर पांच लोग खुशी-खुशी खगड़िया गए थे। रात करीब एक बजे खगड़िया बाजार समिति परिसर से आगे और रोजबड स्कूल के पहले यह हादसा हुआ।
खगड़िया से रेफर, बेगूसराय में मौत
तालाब की ओर से तेज आवाज हुई तो आसपास के घरों से कुछ लोग निकले। दूर दिखी एक-दो गाड़ियां भी रुकीं। फिर किसी तरह लोगों ने गाड़ी से घायलों को निकाला। खगड़िया में इतनी रात में बेहतर इलाज की उम्मीद नहीं थी, इसलिए तत्काल रेफर कराकर लोग बेगूसराय भागे, लेकिन वहां तीन की मौत घोषित हो गई। इसके साथ ही परिजनों में हाहाकार मच गया।घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों की चीत्कार से लोगों के आंखें नम हैं।