पत्रकार प्रदीप मंडल (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
बिहार में मधुबनी के पंडौल थाना क्षेत्र में रविवार रात को एक स्थानीय पत्रकार प्रदीप मंडल को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। वह पंडौल से हाटी गांव आ रहे थे, जब यह घटना घटी। घायल पत्रकार को परिजनों और ग्रामीणों ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (डीएमसीएस) में भर्ती कराया है।
घटना रविवार रात 8 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदीप कुमार समाचार संकलन कर रोज की तरह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें पीछे से गोली मारकर जख्मी कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद से पुलिस आसपास के संदिग्धों को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
बता दें कि गोली पत्रकार के पेट में लगी है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।