पटना के चर्चित संस्थान सुपर 30 ने आईआईटी संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) में एक बार फिर कमाल कर दिखाया है। इस बार यहां के 26 बच्चों ने सफलता हासिल की है। बता दें कि इस संस्थान की स्थापना करीब 16 साल पहले आनंद कुमार ने की थी। आनंद एक गणितज्ञ हैं। इस संस्थान की सबसे बड़ी खासियत है कि यह है कि ये प्रति वर्ष गरीब परिवार के 30 बच्चों का चयन करता है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की प्रवेश परिक्षा की तैयारी कराने के लिए ये संस्थान हमेशा चर्चा में रहता है। छात्रों की सफलता की बात सुनकर यहां के संस्थापक आनंद ने कहा कि वह सुपर 30 का आकार और भी बड़ा करेंगे। सफल छात्रों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये सब उनकी मेहनत का नतीजा है। ये बच्चे समाज के उस हिस्से से हैं जहां ना तो विकास है और ना ही कोई सुविधा। यह सफलता इन गरीब बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अपने संस्थान का विस्तार करने के लिए वह देश के विभिन्न हिस्सों में जल्द ही जांच परीक्षा कराएंगे। इसकी जानकारी संस्थान की वेबसाइट द्वारा दे दी जाएगी। गरीब बच्चों के जीवन में रोशनी लाने का ये काम आनंद का पूरा परिवार करता है। उनकी मां खुद सभी बच्चों के लिए खाना बनाती हैं और आनंद के भाई भी उनके साथ बच्चों को पढ़ाते हैं। पूरे परिवार की कड़ी मेहनत और मानवता के प्रति योगदान का ही नतीजा है कि अब तक यहां करीब 400 बच्चे आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफलता पा चुके हैं।
बता दें अपने इस काम के लिए आनंद की पूरी दुनिया प्रशंसा कर रही है। उनकी जिंदगी पर एक फिल्म भी बन रही है। जिसमें बॉलिवुड अभिनेता ऋतिक रोशन आनंद का किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होगी। वहीं आनंद का कहना है कि वह अपने इस कार्य के लिए किसी प्रकार का अनुदान नहीं लेते हैं।